हमारा ब्रह्मांड कैसा है… समुद्री जैव विविधता कैसी होती है… अंतरिक्ष में उपग्रह कैसे काम करते हैं… यह सब देखने और समझने का सपना अब बरेली में ही साकार हो सकेगा। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) प्रशासन के मुताबिक, शहरवासियों को इस साल के आखिरी तक स्पेस म्यूजियम, मरीन पार्क और नक्षत्रशाला की सौगात मिल जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को लखनऊ में हुई कैबिनेट की बैठक में इसे मंजूरी दी गई। शासन स्तर से बीडीए को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।

बीडीए प्रशासन के अनुसार, रामगंगानगर परियोजना के सेक्टर आठ में साइंस पार्क और नक्षत्रशाला के लिए 5.33 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। 3,000 वर्गमीटर जमीन पर लगभग 47 करोड़ रुपये की लागत से नक्षत्रशाला का खाका खींचा जाएगा। 8,988 वर्ग मीटर जमीन पर 56.78 करोड़ रुपये से मरीन पार्क तैयार किया जाएगा। इसके अलावा 7,605 वर्गमीटर जमीन पर 35.26 करोड़ रुपये की लागत से स्पेस म्यूजियम तैयार किया जाएगा। अत्याधुनिक तकनीक से लैस तीनों पार्कों का निर्माण बीडीए और प्रदेश सरकार मिल कर कराएंगे।

थ्री-डी शो से करेंगे ब्रह्मांड की यात्रा, देखेंगे खगोलीय घटनाएं

बीडीए प्रशासन के अनुसार, स्पेस म्यूजियम उपग्रहों और रॉकेटों के साथ ही अंतरिक्ष से संबंधित शोध की जानकारी देगा। यहां रॉकेट मॉडल, मंगलयान, चंद्रयान और ब्रह्मांड के रहस्यों को थ्री-डी शो के माध्यम से समझा जा सकेगा। नक्षत्रशाला में खगोल विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़ी चीजों को समझने में आसानी होगी। 

तारों, ग्रहों और ब्रह्मांड के रहस्यों को दिखाने के लिए टू-डी और थ्री-डी शो का सहारा लिया जाएगा। इससे नक्षत्रशाला में आने वाले अंतरिक्ष का अनुभव कर सकेंगे। इसी तरह मरीन पार्क समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र, समुद्री जीवों और प्रवाल भित्तियों की नजदीक से जानकारी देगा। यहां आने वाले लोगों को यह सीख भी मिल सकेगी कि मानवीय गतिविधियों पर नियंत्रण रखकर पर्यावरण की रक्षा कैसे की जाती है। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *