शाहजहांपुर में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से पहले भी मंत्री विदेश गए। उसके बाद भी कोई निवेश नहीं आया। नए कारखाने आने के बजाय पुरानी फैक्टरी बंद हो रही हैं। बदायूं के दातागंज जाते समय कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता के आवास पर रुके प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने रविवार को भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने जम्मू कश्मीर के राज्यसभा सांसद के शाहजहांपुर में निधि देने पर कहा कि भाजपा के लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। आरोप लगाया कि लोकायुक्त ने भाजपा के एक विधायक को घूस लेते पकड़ा।
यूजीसी पर बोले कि पहले मंदिर-मस्जिद के नाम पर लड़ाने वाली भाजपा अब हिंदुओं को लड़ाने का काम कर रही है। नफरत की राजनीति कर जनता को गुमराह किया जा रहा है। बदायूं में अल्पसंख्यकों को पीटा जा रहा है। बड़े काम गुजरात के ठेकेदारों को दिए जा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने शंकराचार्य पर रिपोर्ट दर्ज होने के आदेश पर कहा कि शंकराचार्य सभी के पूज्यनीय हैं। सरकार शंकराचार्य व उनके शिष्यों को फंसा रही है। यह पूरे सनातन और देशवासियों का अपमान है।
एआई समिट में युवा कांग्रेस के प्रदर्शन को प्रदेश अध्यक्ष ने ठीक बताया। कहा कि यूनिवर्सिटी ने चीनी रोबोट को अपना बता दिया। इस झूठ को आइना दिखाने पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया गया। झांसी व ललितपुर में कार्यकर्ताओं पर अत्याचार किया और झूठ बोलने वालों पर अब तक सरकार ने कार्रवाई नहीं की। प्रेसवार्ता के दौरान सीतापुर के सांसद राजेश राठौर, जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, तकवीम हसन खां, अशफाक उल्ला खां, पवन सिंह, अनूप वर्मा, धर्मेंद्र दीक्षित, गौरव त्रिपाठी, शोभित मिश्रा, फुरकान कुरैशी आदि मौजूद रहे।
