यूपी के अमेठी में एटीएम लूट की साजिश रचने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने जल्द अमीर बनने की लालसा में यूट्यूब पर वीडियो देखकर वारदात को अंजाम देने का प्लान बनाया था। गिरफ्तार आरोपियों में नसीराबाद के कुढ़ा गांव निवासी सोनू गुप्ता व कपिल गुप्ता, गौरीगंज बनी रेलवे स्टेशन के पास रहने वाले करन पासवान शामिल हैं। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने लोहे की पाइप, हथौड़ी, दो बाइक और स्टॉल बरामद किया है।
दरअसल, मंगलवार रात बांदा-टांडा हाईवे पर गौरीगंज के बाबूगंज में बैंक ऑफ बड़ौदा परिसर में लगे एटीएम को क्षतिग्रस्त कर नकदी निकालने की कोशिश की गई थी। मामले में बीओबी के शाखा प्रबंधक जितेंद्र ने बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से पहचान के बाद बुधवार रात हाईवे पर गुवावां मोड़ के पास दो बाइकों पर सवार तीन युवकों को घेरकर पकड़ लिया गया।
