बदायूं जिले के रिसौली स्थित एक सरकारी स्कूल में बच्चों से सामूहिक रूप से नमाज पढ़वाने का मामला सामने आया है। इस पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता स्कूल पहुंच गए और विरोध जताया। स्कूल में हंगामे का वीडियो शनिवार रात को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
उझानी क्षेत्र के जूनियर हाई स्कूल रिसौली में सामूहिक रूप से नमाज अदा कराई गई। यह मामला बीते बृहस्पतिवार का बताया जा रहा है। आरोप लगाया गया है कि नमाज पढ़वाने की व्यवस्था स्कूल के ही एक शिक्षक और शिक्षिका की ओर से कराई गई। स्कूल की एक अन्य महिला शिक्षिका ने इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से शिकायत की है।
विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंचे स्कूल
मामले की जानकारी मिलने पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे और विरोध जताते हुए कहा कि यदि स्कूल में नमाज पढ़ी जाएगी, तो वे भी वहीं बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- Video: बड़े भाई को सांप ने काटा, छोटे ने खेत में जाकर पकड़ा; डिब्बे में बंदकर पहुंच गए अस्पताल
उनका कहना है कि यदि प्रशासन ने इस प्रकरण को गंभीरता से नहीं लिया तो संगठन को धरना-प्रदर्शन करना पड़ेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है और इसकी जांच कराई जाएगी।
