सैकड़ों लोगों से अरबों रुपये की ठगी करके भागे कैनविज ग्रुप के मालिक कन्हैया लाल गुलाटी पर अब बरेली रेंज के डीआईजी ने शिकंजा कस दिया है। उन्होंने जानकारी कराई तो पता लगा कि गुलाटी व उसके गुर्गों पर देश भर में 40 मामले दर्ज हैं। डीआईजी ने बताया कि कन्हैया गुलाटी पर गैंगस्टर के तहत संपत्ति जब्तीकरण, गैंग पंजीकरण तथा हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया शुरू करा दी है। गुर्गों की संपत्ति की जांच के भी आदेश दिए हैं।

डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि बरेली के स्टेडियम रोड निवासी कन्हैया लाल गुलाटी के बारे में जानकारी मिली है कि वह 800 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी करके भाग गया है। उसके खिलाफ बरेली में 34 मामले दर्ज है। इसके अलावा जिला शाहजहांपुर में दो, अयोध्या में एक, कासगंज में एक, बिहार राज्य के जिला बेरोह में एक व झारखंड राज्य के रांची में एक मामला दर्ज है।

डीआईजी ने बताया कि दर्ज मामलों में साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसके अतिरिक्त न्यायालय में विचाराधीन अभियोगों में ऑपरेशन कन्विक्शन के जरिये प्रभावी पैरवी की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि दर्ज मामलों में जल्दी व अधिक से अधिक सजा कराई जा सके। साथ ही नियमानुसार गैंगस्टर अधिनियम की धारा 14(1) के तहत संपत्ति जब्तीकरण, गैंग पंजीकरण तथा हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया प्रचलित है। 

गुलाटी के गुर्गों की भी संपत्ति होगी जब्त

डीआईजी रेंज अजय कुमार साहनी ने बताया कि इज्जतनगर के उदित पार्ट 2 निवासी मोहम्मद यासीन और डीडीपुरम निवासी आशीष महाजन के नाम गुलाटी के सहयोगियों के रूप में प्रमुखता से आए हैं। इन दोनों के खिलाफ थानों में मामले भी दर्ज हैं। गुलाटी के अलावा उसके साथ जनता से ठगी करने वाले इन लोगों व प्रकाश में आने वाले दूसरे आरोपियों के खिलाफ भी उन्हीं धाराओं में कार्रवाई कराई जाएगी। भविष्य में इनकी संपत्ति भी गैंगस्टर की धारा के तहत जब्त की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *