यूपी के बहराइच में सरयू के कछार में दहशत का पर्याय बने एक और भेड़िये को वन विभाग ने शनिवार देर शाम मार गिराया। जिले में अब तक पांच भेड़ियों के हमले में तीन महीने में 10 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि पांच भेड़िये मार दिए गए हैं।
कैसरगंज की ग्राम पंचायत गोड़हिया नंबर-4 के मजरा जरूवा गांव में शनिवार को भोर में करीब चार बजे दबे पांच पहुंचा भेड़िया एक वर्षीय बच्ची आरवी को मां के पास से जबड़े में दबोचकर उठा ले गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। खोजबीन हुई, लेकिन बच्ची नहीं मिल सकी। दोपहर में खेतों में बच्ची की कुछ हड्डियां बरामद हुईं, जिन्हें वन विभाग ने जांच के लिए सुरक्षित कर लिया। इस घटना के बाद वन विभाग की टीमें लगातार भेड़िये की ट्रैकिंग में जुट गईं।
डीएफओ राम सिंह यादव ने बताया कि करीब 13 घंटे बाद भेड़िये की लोकेशन सरयू कछार क्षेत्र में मिली। ड्रोन और जमीनी निगरानी के जरिये उसकी गतिविधि पर नजर रखी गई। सर्च ऑपरेशन के दौरान भेड़िया कछार में दिखाई दिया, इसके बाद शूटरों ने घेराबंदी कर देर शाम उसे गोली मार दी।
डीएफओ ने उसी भेड़िये को मार गिराने का दावा किया है, जिसने जरूवा गांव में भोर में बच्ची का शिकार किया था। इस कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। भेड़िये के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
