
नारी शक्ति वंदन अधिनियम बैठक
– फोटो : amar ujala
विस्तार
भाजपा महिलाओं और अनुसूचित जातियों को विपक्ष के जातीय जनगणना के दांव की काट बनाएगी। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी ने एससी और महिलाओं को बूथ स्तर तक साधने की रणनीति बनाई है। बृहस्पतिवार को पार्टी मुख्यालय में हुई अवध क्षेत्र के महिला मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक में यह रणनीति बनाई गई। तय हुआ कि महिला मोर्चा की ओर से 8 से 31 अक्तूबर के बीच प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं के सम्मेलन कराए जाएंगे। नवंबर में अनुसूचित जातियों का बड़ा सम्मेलन कराने का फैसला किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू कर महिलाओं को प्रत्येक क्षेत्र में 33 फीसदी से अधिक आरक्षण का रास्ता साफ किया है। इस अधिनियम से महिलाओं को प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने का अधिक मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि सभी विधानसभाओं में होने वाले प्रत्येक महिला सम्मेलन में कम से कम दो हजार महिलाओं को शामिल कराएं। इनमें डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, आशा बहू और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं पर फोकस करें। मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य ने कहा कि कार्यकर्ता नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए बूथ स्तर पर पदयात्रा निकाल कर पीएम मोदी का आभार जताएंगी। अवध क्षेत्र के अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने कहा कि विधान स्तर पर होने वाले सम्मेलनों और बूथ स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों को सफल बनाएं। बैठक में राज्यमंत्री रजनी तिवारी व प्रतिभा शुक्ला, प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी, क्षेत्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा गोदावरी मिश्रा, लखनऊ नगर निगम की महापौर सुषमा खर्कवाल, एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र कनौजिया और राहुलराज रस्तोगी समेत अवध क्षेत्र की सभी महिला विधायक, मंत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निकाय प्रमुख शामिल हुईं।
एससी मोर्चा का सम्मेलन नवंबर में तय
एससी मोर्चा की बैठक में अवध क्षेत्र के 15 संगठनात्मक जिलों का एससी सम्मेलन नवंबर में कराने का निर्णय हुआ। इससे पहले मोर्चा की ओर से एससी वर्ग के प्रबुद्ध लोगों को जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा। मोर्चा के कार्यक्रमों में एससी वर्ग के सभी जनप्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पश्चिम क्षेत्र का सम्मेलन 15 अक्तूबर, काशी का 27 अक्तूबर और अवध क्षेत्र का 2 नवंबर को सम्मेलन होगा।
केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों पर भी फोकस
भाजपा ने तय किया है कि एससी वर्ग और महिलाओं के बीच अधिक से अधिक जनाधार बनाकर जातीय जनगणना के मुद्दे की धार को कुंद किया जाएगा। पार्टी इसमें पिछड़े वर्ग के साथ केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को भी अपना हथियार बनाएगी। खासतौर पर पार्टी हर जाति समुदाय के गरीब और वंचित तबके के बीच जाकर बताएगी कि मोदी सरकार की उपलब्धियों के कारण उनकी सामाजिक स्थिति में कितना सुधार आया है।
