
बलिया में जशन मनाते भाजपा कार्यकर्ता
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
यूपी में संपन्न हुए निकाय चुनाव में भाजपा ने अपनी बढ़त कायम कर वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मुकम्मल होने का संदेश दे दिया है। बलिया जिले में भाजपा के कहीं खुशी तो कहीं गम मिला। जिले की दो नगर पालिका और 10 नगर पंचायतों के अध्यक्ष और सभासद के लिए हुए चुनाव की शनिवार को मतगणना हुई। इसमें एक नगर पालिका के अलावा चार नगर पंचायतों में भाजपा के प्रत्याशियों ने विजय पताका फहराया है।
रोचक बात यह भी है कि बलिया सदर विधानसभा सीट को छोड़कर भाजपा ने किसी भी विस की सिटिंग सीट पर निकाय चुनाव में अपना परचम नहीं लहरा सकी है। बांसडीह विधान सभा सीट इसका प्रमाण भी है। बहरहाल, नगर पालिका बलिया का चुनाव जिले के चार सियासी धुरंधरों के भविष्य को तय करने वाला रहा।
भाजपा नेताओं ने की खूब मेहनत
एक ओर राज्य के परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह ने पार्टी को जीत दिलाने के लिए दिन-रात एक करते दिखे। इतना ही नहीं इसके लिए उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ समेत डिप्टी ब्रजेश पाठक के अलावा भोजपुरी फिल्म अभिनेता व सांसद रविकिशन को शहर में उतारने का काम किया तो दूसरी ओर भोजपुरी फिल्म अभिनेता व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का रोड शो कराया। इतना ही नहीं जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने भी परिवहन मंत्री के साथ खूब मेहनत की।