08:00 AM, 13-May-2023
वोटों की मतगणना शुरू
शहर की सरकार बनाने में किसके सिर ताज सजा, इसका फैसला आज होगा। 760 नगर निकायों में डाले गए वोटों की मतगणना शुरू हो गई है।
07:54 AM, 13-May-2023
सीसीटीवी लगेंगे, चरणवार घोषित होगा परिणाम
मतगणना कैमरों की निगरानी में होगी। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा है कि इसके लिए स्ट्रांग रूम में रिकार्डिंग वाले सीसीटीवी कैमरे लगे होने चाहिए। वीडियोग्राफी भी कराई जाए। साथ ही यहां लाउड स्पीकर लगाए जाएं और प्रत्येक राउंड का परिणाम लाउड स्पीकर पर घोषित किया जाए। मतगणना केंद्र के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों को मतगणना की जानकारी लाउडस्पीकर से दी जाए। किसी भी वीआईपी, सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति को मतगणना एजेंट न बनाया जाए। प्रत्येक मतगणना केंद्र पर एक कंट्रोल रूम की स्थापना कराएं।
07:51 AM, 13-May-2023
353 मतगणना केंद्रों पर 35 हजार कर्मचारी गिनेंगे वोट: मनोज कुमार
राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि प्रदेश भर के सभी जिलों में 353 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। इन पर 35 हजार कर्मचारी वोट गिनेंगे। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। आवश्यक पुलिस एवं पीएसी के जवानों के साथ-साथ मोबाइल टीमें भी तैनात की जाएं। मतगणना केंद्रों पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था के लिए जनरेटर की भी व्यवस्था कराने को कहा गया है। आकस्मिक घटना से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड व एंबुलेंस तैनात रहेंगी।
07:42 AM, 13-May-2023
पिछली बार 16 में से 14 महापौर भाजपा से चुने गए थे
यदि महापौर पद की बात करें तो पिछले चुनाव में 16 में से 14 महापौर भाजपा से चुने गए थे। दो पर बसपा ने विजय हासिल की थी। सपा और कांग्रेस के हिस्से में एक भी सीट नहीं आई। इस बार मतदाताओं ने किसके हिस्से में क्या दिया, यह पता आज चल जाएगा।
07:35 AM, 13-May-2023
कुछ देर में शुरू होगी मतगणना
9 अप्रैल को प्रदेश में नगर निकाय चुनाव कराए जाने की घोषणा हो गई थी। इस बार दो चरण में मतदान हुआ। पहले चरण का मतदान चार मई को 37 जिलों में तथा दूसरे चरण का मतदान 11 मई को 38 जिलों में कराया गया। दोनों चरणों में 52 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। 13 मई को प्रदेश भर में सभी निकायों में डाले गए वोटों की मतगणना होगी।
06:50 AM, 13-May-2023
छह नगर निगम को लेकर भाजपा चिंतित

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : अमर उजाला
प्रदेश की 17 नगर निगम में हुए चुनाव में भाजपा सहारनपुर, बरेली, अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद और आगरा नगर निगम को लेकर चिंतित है। सूत्रों के मुताबिक पन्ना प्रमुख एप के जरिये आए आंकड़ों से संकेत मिल रहे हैं कि इन नगर निगमों में भाजपा को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।
06:13 AM, 13-May-2023
ईवीएम और मतपत्र दोनों से आएंगे नतीजे

EVM
– फोटो : सोशल मीडिया
विपक्षी दल अब तक भाजपा पर ईवीएम में गड़बड़ी कर चुनाव जीतने का आरोप लगाते रहे हैं। नगर निकाय चुनाव में नगर निगम के चुनाव ईवीएम के जरिये हुए हैं। वहीं नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत के चुनाव मतपत्र के जरिये हुए हैं। ऐसे में चुनाव परिणाम में यदि नगर निगम के साथ नगर पालिका और नगर पंचायतों में भाजपा को बढ़त मिलती है तो विपक्ष पर हमलावर होने का मौका मिलेगा। वहीं यदि विपक्षी दल नगर पंचायत, नगर पालिका परिषद में बढ़त बनाते हैं तो वह सत्तारूढ़ दल को फिर घेरने का प्रयास करेंगे।
05:35 AM, 13-May-2023
UP Nikay Chunav Result Live: किसके सिर सजेगा ताज, फैसला आज, 760 निकायों के चुनाव की मतगणना शुरू
शहर की सरकार बनाने में किसके सिर ताज सजा, इसका फैसला आज होगा। 760 नगर निकायों में डाले गए वोटों की मतगणना प्रदेश भर में शनिवार को की जाएगी। एक माह से ज्यादा समय तक इस चुनाव में जुटे राजनीतिक दलों एवं उम्मीदवारों में किसकी मेहनत रंग लाई इसका आज पता चला जाएगा। 14521 पदों के लिए 83372 उम्मीदवार वैतरणी में उतरे थे। पार कौन लग पाया, यह आज पता चलेगा।