
मुरादाबाद में लू से बचने के जतन करती महिलाएं
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुरादाबाद जिले में पिछले एक माह से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं आया है। पहले से बीमार लोगों के सार्वजनिक स्थानों पर चक्कर खाकर गिरने के कई मामले सामने आए। गर्मी व डीहाईड्रेशन से बचाव के लिए 15 मई से 15 जून तक मुरादाबाद के लोग पांच करोड़ रुपये से ज्यादा के ओआरएस पी गए।
हर दिन 16 लाख रुपये से ज्यादा के ओआरएस बिक रहे हैं। यह आंकड़ा सिर्फ निजी मेडिकल स्टोर्स, थोक विक्रेताओं के साथ सरकारी सप्लाई को मिलाकर है। जिला अस्पताल में पिछले एक माह में करीब 20 हजार ओआरएस के पैकेज मरीजों को दिए जा चुके हैं।
सभी सीएचसी व पीएचसी पर 22 से 25 हजार ओआरएस की खपत हो चुकी है। इसके अलावा चुनाव व मतगणना के दौरान जिले में 20 हजार ओआरएस मतदान कर्मियों, पुलिसकर्मियों के लिए भेजे गए थे। वहीं निजी कंपनियों की सप्लाई की बात करें तो जिले में चार हजार लाइसेंस धारी मेडिकल स्टोर संचालक हैं।
इनके मुताबिक ओआरएस की डिमांड 20 प्रतिशत तक बढ़ गई है। बाजार में 50 कंपनियों के ओआरएस के पाउडर व लिक्विड उपलब्ध हैं। खपत बढ़ने के बावजूद सरकारी अस्पतालों व निजी मेडिकल स्टोर्स पर ओआरएस की कमी नहीं है।
