
सीएम योगी आदित्यनाथ
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी वाहन में प्रेशर हॉर्न या हूटर नहीं बजना चाहिए। जहां ऐसे हॉर्न या हूटर लगे हैं, उसे तत्काल उतरवाएं। उन्होंने एक्स के माध्यम से निर्देश दिए कि वीआईपी फ्लीट में सबसे आगे की गाड़ी में एक तय ध्वनि सीमा के साथ ही हूटर बजे। उसकी भी आवाज की सीमा तय हों। अन्य किसी वाहन में किसी प्रकार का हूटर का प्रयोग ना किया गया हो। उन्होंने कहा कि अगर कहीं से भी उल्लंघन की सूचना मिली तो संबंधित थाने पर भी कार्रवाई होगी। वीआईपी कल्चर को किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सीएम के निर्देश पर अधिकारियों की टीम रुद्रप्रयाग रवाना
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में शनिवार को तीर्थयात्रियों को ले जा रहा वाहन सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। इसमें देर शाम तक 14 लोगों के मारे जाने की सूचना है, इसमें उत्तर प्रदेश के भी यात्री शामिल हैं। वहीं 5 गंभीर रूप से तो 7 सामान्य घायल बताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री योगी ने मुख्यमंत्री कार्यालय और राहत आयुक्त कार्यालय को तत्काल स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर घायलों के समुचित उपचार कराने के निर्देश भी दिए हैं। सीएम के निर्देश पर सहारनपुर से अधिकारियों की टीम रुद्रप्रयाग के लिए रवाना हो गई है। बता दें कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में दिल्ली-एनसीआर (नोएडा) के तीर्थयात्री सवार थे।
सीएम योगी ने दुर्घटना पर शोक जताते हुए एक्स पर लिखा, “उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में एक सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद व दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को सद्गति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।” इसके साथ ही सीएम ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को स्थानीय प्रशासन के संपर्क में रहने को कहा है।
