
इकाना स्टेडियम में खेली जा रही है यह सीरिज।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आर्यन जुयाल के आतिशी नाबाद शतक (54 गेंदों पर 104 रन) और कप्तान ध्रुव जुरैल के तेज पचासे (46 गेंदों पर 70 रन) की बदौलत गोरखपुर लायंस ने यूपी टी-20 लीग में नोएड़ा सुपरकिंग्स को 91 रन से करारी मात दी। गोरखपुर के 218 रन के जवाब में नोएडा की टीम 17वें ओवर में 127 रन बनाकर आउट हो गई।
अटल बिहारी वाजापेयी इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी गोरखपुर लायंस को 37 रन के योग पर पहला झटका लगा, जब अभिषेक गोस्वामी 13 रन के निजी योग पर पीयूष चावला की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये आर्यन ने कप्तान ध्रुव के साथ माेर्चा संभाला और नोएडा के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। दोनों स्कोर को 184 रन तक ले गए। यहां ध्रुव जुरैल 46 गेंदों पर तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से पीयूष चावला का दूसरा शिकार बने।
इसके बाद आर्यन ने अपना शतक पूरा किया। वे 54 गेंदों पर 10 चौके और पांच छक्कों की मदद से 104 रन बनाकर नाबाद रहे। गोरखपुर ने 20 ओवर में दो विकेट खोकर 218 रन बनाए। दूसरे छोर पर अक्शदीप 22 रन बनाकर नाबाद रहे। नोएडा से चावला महंगे साबित हुए। उन्होंने 54 रन देकर दो विकेट लिए।
जवाब में 219 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा सुपरकिंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। तीन रन के योग पर शीर्षक्रम के तीन बललेबाज पवेलियन लौट गए। इस झटके से नोएडा की टीम उबर न सकी। मध्यक्रम में मो. शरीम (56) को छोड़कर अन्य कोई बल्लेबाज टिकर नहीं खेल सका। देखते ही देखते पूरी टीम 17वें ओवर में 127 रन बनाकर आउट हो गई। गोरखपुर से शिवम शर्मा ने 24 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि अंकित राजपूत, सौरभ कुमार और विजय यादव दो-दो विकेट अपनी झोली में डालने में सफल रहे।
