संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
Updated Sun, 04 Aug 2024 02:00 AM IST
कासगंज। यूपी बोर्ड से हाईस्कूल की कंपार्टमेंट-इंप्रूवमेंट परीक्षा पास करने वाले छात्र-छात्राओं का परिणाम घोषित हो गया है। ये परीक्षार्थी कक्षा 11 में 20 अगस्त तक अपना प्रवेश ले सकेंगे। परिषद से ऐसे परीक्षार्थियों के प्रवेश के लिए तिथि निर्धारित कर दी है। यूपी बोर्ड से कक्षा नौ व 11 में प्रवेश की अंतिम तिथि पांच अगस्त निर्धारित कर रखी है। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट में कम अंक पाने या अनुत्तीर्ण होने वाले छात्र-छात्राओं को कंपार्टमेंट परीक्षा के माध्यम से अंक सुधार का मौका दिया जाता है। परीक्षा के बाद हासिल होने वाले अंक अंतिम माने जाते हैं, तथा उसमें किसी भी प्रकार के फेरबदल की गुंजाइश नहीं होती है। इस साल भी बोर्ड से 31 मई तक आवेदन मांगे गए थे, जबकि 20 जुलाई को जिला मुख्यालय पर परीक्षा का आयोजन कराया गया था। हाईस्कूल में पंजीकृत 308 परीक्षार्थियों में से 282 परीक्षार्थी शामिल हुए। 26 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट के पंजीकृत 81 में से 70 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 11 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिला मुख्यालय पर राजकीय इंटर कॉलेज को परीक्षा का केंद्र बनाया गया था। दो दिन पहले ही परिणाम घोषित किया गया है। परीक्षा देने वाला कोई छात्र कक्षा 11 में प्रवेश लेने से वंचित न रह जाए इसके लिए यूपी बोर्ड से तिथि निर्धारित की गई है।
