प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को मौसम ने फिर करवट ली। अवध के जिलों में सुबह तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हई। लखनऊ, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, अमेठी, अंबेडकरनगर में बूंदाबांदी हुई। रायबरेली में ओले गिरे। अयोध्या और सुल्तानपुर में धूल भरी आंधी के बाद हल्की बारिश हुई। बुंदेलखंड के बांदा-चित्रकूट, हमीरपुर और जालौन में भी शुक्रवार शाम तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और ओले पड़े।
कानपुर और आसपास के औरैया, कानपुर देहात, उन्नाव और हरदोई में भी दिन में रुक-रुक कर बूंदा-बांदी होती रही। बारिश से गेहूं, सरसों, चना, लाही और अरहर की खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर किसानों को राहत पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
जानें वैज्ञानिकों ने क्या कहा
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया-पाकिस्तान से आ रहीं हवाओं ने यूपी में प्रवेश किया। इससेबूंदाबांदी की शुरुआत हुई। 29 मार्च को दूसरा विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होगी। 40-50 की रफ्तार से हवा चलेगी। 3°C तक पारा गिरेगा। वहीं, 38 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
5 दिन कैसा रहेगा मौसम
- 28 मार्च – पश्चिमी और पूर्वी यूपी के ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहेगा।
- 29 मार्च – पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
- 30 मार्च – पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी।
- 31 मार्च – पश्चिमी यूपी में बौछारें पड़ेंगी। पूर्वी यूपी में अच्छी बारिश हो सकती है।
- 1 अप्रैल- पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।