
छाया घना कोहरा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
गलन से शनिवार को लखनऊ में लोग ठिठुरते रहे। मौसम विभाग के अनुसार यह पांच साल बाद लखनऊ में सबसे ठंडा दिन रहा। दिन और रात के पारे में अंतर भी सिमटकर 3.7 डिग्री रह गया है। मौसम विभाग के रिकॉर्ड में भी लखनऊ में अत्यधिक ठंडे दिन (सीवियर कोल्ड डे) घोषित किए गए। रविवार को भी अत्यधिक ठंड रहने के आसार हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 1952 से अब तक दसवां सबसे कम अधिकतम तापमान शनिवार को दर्ज हुआ। इससे पहले 2018 में 11.7 डिग्री तापमान दर्ज हुआ था, यानी पांच साल बाद राजधानी में दिन सबसे ठंडा रहा।
शनिवार को दिन का तापमान 11.9 डिग्री रहा, जो इस सीजन में सबसे कम है। न्यूनतम तापमान 8.1 रहा। दिन के पारे में शुक्रवार की तुलना में 1.1 डिग्री की कमी आई, लेकिन रात का पारा दो डिग्री बढ़ा है। इसके बावजूद 130 से 140 की स्पीड से चल रहे जेट स्ट्रीम के कारण गलन महसूस की जा रही है। लगातार दूसरे दिन दिनभर कोहरा छाया रहा। रेड अलर्ट की सूची में लखनऊ भी शामिल है। 21 से 26 जनवरी तक न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री के बीच रहने के आसार हैं। दिन का पारा 16 से 18 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। इसके साथ घना कोहरा छाया रहेगा।
खराब मौसम कई फ्लाइट घंटों लेट
कोहरे, खराब मौसम से शनिवार को कई उड़ानें घंटों लेट रहीं। उधर, ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक मुंबई से आने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-914 तय समय 10.15 के बजाय 12.03 बजे पहुंची। इसी तरह जेद्दा से आने वाली साऊदी एयरलाइंस की 10.30 के बजाय 12.18 बजे, दिल्ली से एयर इंडिया एक्सप्रेस की 2.20 बजे की फ्लाइट 4.39 बजे, रांची से इंडिगो की उड़ान 2.45 के बजाय 5.34 बजे, पटना से इंडिगो की उड़ान 03.55 के बजाय 4.46 बजे पहुंची।
रांची जाने वाली इंडिगो की सुबह 8.30 बजे की उड़ान 11.14 बजे रवाना हो सकी। मुंबई की इंडिगो की उड़ान सुबह 11.10 के बजाय 12.53 बजे, जद्दा की साऊदी की उड़ान दोपहर 12 के बजाय 1.59 बजे, गोरखपुर की एयर इंडिया की उड़ान 01.10 के बजाय 6.25 बजे, मुंबई की इंडिगो की उड़ान 01.50 के बजाय 2.39 बजे, मुंबई की एयर इंडिया की उड़ान 02 के बजाय 3.37 बजे, आगरा की इंडिगो की उड़ान दोपहर 02.20 की जगह 03.10 बजे, पुणे की एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान दोपहर 02.55 के बजाय 05.29 बजे, गोवा की इंडिगो की उड़ान 03.30 के बजाय 05.51 बजे, मुंबई की इंडिगो की उड़ान 04.30 के बजाय 06.20 बजे और नागपुर की इंडिगो की उड़ान 05.20 के बजाय 06.40 बजे रवाना हो सकी।
गरीबरथ सहित कई ट्रेनें लेट
ट्रेन 12204 सहरसा-अमृतसर गरीबर थ ढाई घंटे देरी से चारबाग पहुंची। 15066 पनवेल-गोरखपुर वाया लखनऊ एक्सप्रेस भी सवा दो घंटे देरी से आई। 15654 अमरनाथ एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे से ज्यादा लेट रही।
