
webley 455 revolver
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उत्तर प्रदेश से देश में पहली बार अमेरिका को शस्त्रों का निर्यात किया जाएगा। ब्रिटेन की जगह उत्तर प्रदेश को केंद्र बनाने वाली दिग्गज शस्त्र कंपनी वेब्ले अपने एंटीक रिवाल्वर ‘वेब्ले-455’ का यूपी में निर्माण करेगी।
अमेरिका ने यूपी में बनने वाली इस रिवाल्वर के 10 हजार पीस का बल्क आर्डर दिया है। अमेरिका के साथ इसकी भारी मांग साउथ अमेरिका, ब्राजील के अलावा यूरोप के 16 देशों में है। बेहद घातक इस रिवाल्वर का उपयोग प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध में भी किया गया था।
ईस्ट इंडिया कंपनी इसे पहली बार यूरोप से निकाल कर भारत लाई थी। वेब्ल स्काट इंडिया के निदेशक मनिंदर स्याल ने बताया कि भारत में 455 बोर की रिवाल्वर प्रतिबंधित है लेकिन अमेरिका में वेब्ले-455 की भारी मांग है। इसे देखते हुए यूपी में पहली बार अमेरिका को करीब 10 हजार वेब्ले-455 का निर्यात किया जाएगा। इसके निर्माण के लिए लाइसेंस जल्द जारी हो जाएगा।
100 साल बाद यूपी से फिर निकलेगी 1.1 किलो वजनी वेब्ले-455
वर्ष 1887…जब ब्रिटिश राज का सूरज अस्त नहीं होता था। उस दौर में ब्रिटेन की ग्लोबल कंपनी वेब्ले ने 455 रिवाल्वर बाजार में उतारा था। 1924 तक इसे बनाया गया। इन 37 वर्ष में ये रिवाल्वर दुनिया भर हुई क्रांति और युद्ध में प्रमुख हथियार के रूप में उभर कर सामने आई। तकदीर का खेल देखिए, 100 वर्ष पहले बंद हो चुकी ऐतिहासिक वेब्ले 455 का पुर्नजन्म उत्तर प्रदेश में होगा।
