कड़ी मेहनत और लगन से सपनों को सच करने की मिसाल चंदाैसी के पंजाबी कॉलोनी निवासी देव डुडेजा ने पेश की है। चाय बेचने वाले के बेटे देव ने यूपीएससी 2025 की परीक्षा में 152वीं रैंक हासिल किया है। चौथे प्रयास में मिली इस सफलता से परिवार और इलाके में खुशी का माहौल है। इससे पहले तीसरे प्रयास में वर्ष 2022 से 25 की परीक्षा में उन्होंने 327वीं रैंक हासिल की थी।

उस समय उनका चयन भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) में हुआ था। वर्तमान में वह नागपुर में ज्वाइंट कमिश्नर के पद के लिए दिसंबर 2025 से 15 माह की ट्रेनिंग कर रहे हैं। अब यूपीएससी 2025 में 152वीं रैंक हासिल कर देव ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इंद्रमोहन डुडेजा और मां चंद्रप्रभा ने बताया कि पुत्र देव डुडेजा ने वर्ष 2018 में पीसीएम ग्रुप से आरआरके स्कूल से इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।

इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से 2021 में पॉलिटिकल साइंस से ग्रेजुएशन किया। ग्रेजुएशन के दौरान ही यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी। दिल्ली के बाजीराम कोचिंग सेंटर से कोचिंग ली। इसके बाद 2022 में यूपीएससी मेन्स उत्तीर्ण कर लिया लेकिन साक्षात्कार में रह गए। 2023 में दिल्ली विश्वविद्यालय से पॉलिटिकल साइंस से पोस्ट ग्रेजुएट की पढ़ाई शुरू की थी।

इसी दौरान यूपीएससी परीक्षा की भी तैयारी की। जून 2024 में प्री परीक्षा के बाद सितंबर माह में मेन्स की परीक्षा दी। मार्च 2025 में साक्षात्कार हुआ था। जिसमें उन्होंने 327वीं रैंक प्राप्त की थी। नागपुर में ट्रेनिंग के दौरान चौथी बार फिर से तैयारी की और 11 फरवरी 2026 को दिल्ली में साक्षात्कार दिया।

शुक्रवार को जब रिजल्ट आया तो परिवार में खुशी का माहौल हो गया। देव डुडेजा ने 152वीं रैंक प्राप्त कर फिर से इतिहास रच दिया। बता दें कि देव डुडेजा के पिता इंद्रमोहन डुडेजा अपने दोनों बड़े भाई प्रेम डुडेजा और ब्रजमोहन डुडेजा के साथ एसएम डिग्री कॉलेज के सामने चाय की दुकान चलाते हैं।

मां चंद्रप्रभा कंपोजिट विद्यालय ग्राम मई में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। छोटा भाई संकेत डुडेजा हिंदू कॉलेज मुरादाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा है। देव डुडेजा को खाने में राजमा चावल और खेल में क्रिकेट खेलना पसंद है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *