खंदौली। क्षेत्र के गांव गुढ़ा में रविवार को चाय बनाते समय चीनी की जगह गलती से यूरिया खाद डाल दी। इस चाय को पीने से एक ही परिवार के तीन लोगों की हालत बिगड़ गई। मुंह से झाग निकलने के साथ तीनों बहोश हो गए। जिन्हें सीएचसी एत्मादपुर से एसएन रेफर कर दिया गया है।
गुढ़ा निवासी विद्याराम की 12 वर्षीय पुत्री शालू रविवार की सुबह चाय बना रही थी। पास ही चीनी के डिब्बे की जगह पाॅलीथिन में यूरिया खाद रखी थी। परिजन के मुताबिक शालू ने चीनी समझ कर यूरिया को चाय में डाल दिया। चाय पीने के बाद राजनश्री पत्नी विद्याराम, शालू पुत्री विद्याराम, और विजेंद्र बेहोश हो गए। उनके मुंह से झाग निकलने लगे। यह देख परिजन सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एत्मादपुर लेकर गए, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख सभी को एसएन मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया।
तहसीलदार एत्मादपुर मंधाता सिंह ने बताया कि चाय में जहरीला पदार्थ पीने से तीनों की हालत बिगड़ गई थी। ग्रामीण यूरिया बता रहे हैं, पदार्थ को जांच के लिए भेजा गया है। अस्पताल में सभी की हालत में सुधार है। वहीं सीएचसी प्रभारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि तीनों ने कौन सा पदार्थ खाया है, अभी यह स्पष्ट नहीं है। फिलहाल यूरिया शरीर के लिए नुकसानदेह है। इससे किडनी और लिवर प्रभावित होते हैं।
