देहरादून-लखनऊ और मेरठ-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस की औसतन गति 65-66 किमी प्रति घंटे से ऊपर नहीं जा रही। यही स्थिति पिछले महीने से शुरू हुई अमृत भारत एक्सप्रेस की भी है। अमृत-भारत एक्सप्रेस लेटलतीफी का शिकार भी होने लगी है। सेमी हाई स्पीड का दर्जा देकर चलाई जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस का किराया अन्य ट्रेनों के मुकाबले दोगुने से ज्यादा है, लेकिन रफ्तार के मामले में यह आम गाड़ियों जैसी साबित हो रही है।
देहरादून-लखनऊ वंदे भारत का संचालन मार्च और मेरठ-लखनऊ का अगस्त 2024 में शुरू हुआ था। रेलवे ने इस ट्रेन की गति 110 किमी प्रति घंटा होने का दावा किया था, लेकिन संचालन शुरू होने से अब तक यह गाड़ियां औसतन 65-66 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ही यात्रा पूरी कर रही है। देहरादून-लखनऊ के बीच 545 किमी की दूरी वंदे भारत एक्सप्रेस आठ घंटे 25 मिनट में जबकि बरेली-लखनऊ के बीच की 236 किमी दूरी तीन घंटे 39 मिनट में पूरी करती है।
यह भी पढ़ें- Railway News: गोंडा-गोरखपुर के बीच ब्लॉक… बरेली होकर गुजरने वाली 20 ट्रेनें प्रभावित
मेरठ-लखनऊ के वीच वंदे भारत एक्सप्रेस औसतन 64 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 459 किमी की दूरी सात घंटे 15 मिनट में तय कर रही है। अमृत-भारत एक्सप्रेस की औसत रफ्तार भी 55-60 किमी प्रति घंटे के बीच बंधी हुई है। अब यह गाड़ी लेटलतीफी का शिकार भी होने लगी है।