
आईएमए में रक्तदान करते छात्र
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
विश्व रक्तदाता दिवस पर बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से वाराणसी समेत पूर्वांचल के जिलों में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह नौ बजे से ही लोगों में महादानी बनने की होड़ लगी थी। वाराणसी समेत 10 जिलों में 436 महादानियों ने रक्तदान किया। वाराणसी के आईएमए और दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में आयोजित शिविर में 81 लोगों ने रक्तदान किया। वहीं, जौनपुर में 44, गाजीपुर में 40, आजमगढ़ में 35, मऊ में 28, बलिया में 62 , मिर्ज़ापुर में 45, सोनभद्र में 70 और भदोही जिले में 29 यूनिट रक्तदान हुआ।अमर उजाला फाउंडेशन महादानियों को सलाम करते हुए उन्हें विशेष प्रमाण पत्र भी दिए।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से हर साल विश्व रक्तदाता दिवस यानी 14 जून, कारगिल विजय दिवस पर 26 जुलाई को और स्वैच्छिक रक्तदान दिवस एक अक्तूबर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। इन शिविरों में किए गए रक्तदान से उन लोगों की मदद होती है, जिन्हें इलाज के दौरान रक्त की जरूरत पड़ने पर उनके पास कोई डोनर नहीं होता।
बीएचयू ब्लड बैंक के सीएमओ डॉ. एसके सिंह का कहना है कि रक्तदान को लेकर भ्रांतियां बहुत सी हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि 18 से 65 साल का कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। यह भी जानना बहुत जरूरी है कि इससे सेहत पर किसी तरह का कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता है।
