डीजीसीए के दिशा-निर्देशों के अनुरूप एयरपोर्ट विस्तार और प्रस्तावित नई कार्गो टर्मिनल परियोजना का सिविल एविएशन विभाग के सचिव एसके सिन्हा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एयरपोर्ट अधिकारियों के साथ बैठक भी की। इसमें सभी निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के साथ ही कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में एयरपोर्ट विस्तारीकरण से जुड़े सभी विभागों के एजेंडे पर विस्तृत चर्चा की गई। भविष्य में बनने वाली आधुनिक कार्गो टर्मिनल, रनवे क्षमता विस्तार, यात्री सुविधाओं में वृद्धि तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक समन्वय और भूमि, सुरक्षा व आधारभूत ढांचे से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
इसे भी पढ़ें; BHU Hospital: एमएस ने एमसीएच विंग से बाहर फिंकवाईं जांच किट, फाइलें और आलमारी; विभागाध्यक्ष से दुर्व्यवहार
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार कार्य चरणबद्ध तरीके से प्रगति पर है और नई कार्गो टर्मिनल के निर्माण से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य डीजीसीए के मानकों के अनुरूप कराए जा रहे हैं।
समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सतेंद्र कुमार, एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, एयरपोर्ट प्रशासन, तकनीकी अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि आदि मौजूद रहे।
