माई सिटी रिपोर्टर
आगरा। जगदीशपुरा क्षेत्र में दुष्कर्म पीड़िता से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी पक्ष मुकदमे में समझौते का दबाव बना रहा है। मना करने पर रास्ते में रोक कर मारपीट की। जान से मारने की धमकी देकर आरोपी भाग गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता का कहना है कि पिछले साल उसने क्षेत्र के रहने वाले जय शिव के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा। अब वह जमानत पर रिहा होकर आ गया है। आरोप लगाया कि आरोपी लगातार मुकदमे में समझौते का दबाव बना रहा है।
14 अगस्त की रात को जयशिव अपने साथियों कमल पंडित, नितिन, लकी और अज्ञात व्यक्ति आए और रास्ते में रोक लिया। जय शिव ने कहा कि मुकदमे में समझौता कर लो। ऐसा नहीं करोगी तो जान से मार देंगे। विरोध पर सभी ने मारपीट की और धमकी देकर भाग गए। मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
