वसंत पंचमी पर्व पर शाहजी मंदिर के वसंती कमरा में श्रीजी ने दर्शन दिए। वर्ष में दो बार खुलने वाले वसंती कमरे में श्रीजी के दर्शन के लिए भोर से ही भक्तों की भीड़ लग गई। भक्तों में राजशाही झाड़ों से रंगबिरंगी रोशनी के बीच आराध्य के दर्शन किये।
टेड़ेमेड़े खंबों के नाम से प्रसिद्ध शाहजी मंदिर में प्रभु दर्शन पाने के लिए शुक्रवार सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने डेरा डाल दिया। सुबह दस बजे जैसे ही प्राचीन बसंती कमरा के पट खुलते ही श्रद्धालु प्रभु शाहबिहारी के दर्शन के लिए उमड़ पड़े। सेवायत शाह प्रशांत कुमार ने भगवान का का भव्य श्रृंगार किया। बड़े-बड़े शोभायमान प्राचीन झाड़ फानूसों के मध्य से निकलता रंगबिरंगा विद्युत प्रकाश प्रभु के प्राचीन कमरे की दैदिप्यमान छटा बिखेर रहा था। स्थानीय भक्तों के साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने भी प्रभु दर्शन का भरपूर आनंद लिया।
मंदिर के शाह प्रशांत कुमार ने बताया कि शनिवार को सायं पांच से नो बजे तक एक बार फिर बसंती कमरा में श्रीजी दर्शन देंगी। शाहजी मंदिर में बने बसंती कमरे का विशेष एवं प्राचीन महत्व है। इसमें प्रभु वर्ष भर में दो बार बसंती कमरे में विराजमान हो भक्तों को दर्शन देते हैं।