तीन दिनों से हो रही बारिश अब बनी आफत, मशीन से कराई गई जलनिकासी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी में तीन दिनों से हो रही बारिश अब आफत बन गई है। बृहस्पतिवार को महानगर में कहीं कच्चा मकान गिर गया तो कहीं दीवार। आईटीआई अंडरब्रिज के नीचे पानी में कार फंस गई। सड़कों से लेकर सरकारी भवनों में जलभराव होने पर सुपर सकर मशीन से निकासी कराई गई। जेसीबी, ट्रैक्टर से मलबा हटवाया गया।
बारिश के मद्देनजर जलभराव की स्थिति से उत्पन्न समस्याओं के निराकरण के लिए नगर आयुक्त ने अधिकारियों की तैनाती की है। बृहस्पतिवार को अधिकारी लगातार निरीक्षण करते रहे। वार्ड 49 गोंदू कंपाउंड में पार्षद आवास के पास सड़क पर टूटे पेड़ को हटाया गया। वार्ड 56 नरिया बाजार में दीवार गिरने से मलबे का ढेर सड़क पर जमा हो गया। इससे आवागमन बारिश हो गया। इसे रोबोट और ट्रैक्टर के जरिये अवरोध खत्म कर आवागमन सुचारू कराया गया। वार्ड 53 में गांधी भवन परिसर और आसपास जलभराव होने पर पंप से जल निकासी की गई। वार्ड 25 में पुलिस चौकी के पास मार्ग पर और वार्ड 14 खुशीपुरा में पार्षद आवास के पास, कचहरी मार्ग से सदर बाजार जाने वाले रास्ते पर टूटे पेड़ को हटवाया गया। इलाइट-सीपरी बाजार मार्ग पर अटल एकता पार्क के सामने डिवाइडर के एक तरफ बारिश से जलभराव होने पर सुपर सकर मशीन से सफाई करवाई गई।
वार्ड 47 छनियापुरा तलैया मोहल्ले में लगे जाल को हटाते हुए अवरुद्ध हो रहे पानी की निकासी कराई गई। लक्ष्मीताल के पीछे बने नाले में जेसीबी द्वारा रोक हटाते हुए नाले का अवरोध हटाया गया। इसके अलावा, आईटीआई अंडरब्रिज में पानी भरने से कार फंस गई। चालक कार छोड़कर ही चला गया। वहीं, तलैया मोहल्ले में एक कच्चा मकान गिर गया। राहत की बात ये रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
कंट्रोल रूम पर दर्ज करा सकते हैं शिकायत
बारिश की संभावना को देखते हुए नगर निगम ने लोगों के लिए टोलफ्री नंबर जारी किया है। नगर आयुक्त सत्य प्रकाश ने बताया कि वर्षा होने पर जलभराव या अन्य आकस्मिक समस्या हो तो नगर निगम के कंट्रोल रूम के नंबर 05103500700 पर फोन करके 24 घंटे में कभी भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। समस्या का जल्द निस्तारण कराया जाएगा।
