उत्तर प्रदेश में प्रचंड सर्दी से लोग बेहाल हैं। गलन और कोहरे के प्रकोप ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। सुबह सड़कें भी खाली ही नजर आ रही हैं सिर्फ ऑफिस जाने वाले लोग ही अपने गंतव्य की ओर जाते नजर आ रहे हैं। वहीं, मौसम विभाग ने प्रदेश के 32 जिलों के लिए बृहस्पतिवार को शीत दिवस (कोल्ड डे) जैसे हालात की चेतावनी जारी की है। हालांकि, ये भी कहा है कि 9 से 11 जनवरी के बीच लोगों को आंशिक राहत मिल सकती है।
प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में लोग अलाव के नजदीक नजर आ रहे हैं। बीते दो दिनों में दोपहर के समय निकली कमजोर धूप ने थोड़ी राहत तो दी पर गलन बरकरार रही। बुधवार को 5 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ अयोध्या और आजमगढ़ प्रदेश में सबसे ठंडे।
ये भी पढ़ें – असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा: एक-एक अभ्यर्थी से 35-35 लाख रुपये में की थी डील, कई अधिकारी भी जांच के दायरे में
ये भी पढ़ें – यूपी में अभी भी तीन करोड़ 62 लाख पात्र लोगों का मतदाता बनना बाकी, आयोग ने एक करोड़ मतदाता बढ़ाने का रखा लक्ष्य
12 जनवरी से माैसम करवट लेगा
आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 9 से 11 जनवरी के बीच प्रदेश में ठंड और कोहरे से आंशिक राहत के संकेत हैं। यानी शुक्रवार से तीन दिनों तक दिन व रात के पारे में मामूली बढ़त आएगी। साथ ही कोहरे का घनत्व भी कम होगा। 12 जनवरी से दोबारा पारे में गिरावट के साथ माैसम करवट लेगा।
इन जिलों में कोल्ड डे जैसे हालात रहेंगे
कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नोज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मधुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं व आसपास के इलाकों में शीत दिवस की संभावना है।