
कई जिलों में होगी अच्छी बारिश।
– फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
प्रदेश में मंगलवार को तराई इलाकों में अच्छी बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वहीं, यह बारिश धान के लिए मुफीद मानी जा रही है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बुधवार को भी तराई इलाकों समेत आजमगढ, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर के साथ ही पश्चिमी यूपी में कहीं हल्की से मध्यम और कहीं भारी बारिश के संकेत बन रहे हैं।
मंगलवार को महराजगंज स्थित नौतनवा व कुशीनगर जिले में 100 मिमी बारिश दर्ज हुई। संतकबीरनगर के मेहदावल में 70 मिमी, गोरखपुर ग्रामीण में 50, वाराणसी में 44.2 मिमी, गाजीपुर में 26.8 मिमी और बस्ती में 14 मिमी बारिश हुई। जबकि प्रदेश में उरई में सर्वाधिक 35.4 और गाजीपुर में सबसे कम 24.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
इन इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बुधवार को आजमगढ़, बलिया, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती के साथ ही लखीमपुर खीरी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत व आसपास के इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी किया है।
