बरेली में तीन दिन से दोपहर में गुनगुनी धूप का आनंद शहरवासी ले रहे हैं। हालांकि, शाम को सर्द हवा कंपकंपा रही है। सोमवार को सुबह से ही धूप खिल गई, जिससे लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने रात के तापमान में बढ़त से शीतलहर से राहत और सुबह-शाम कोहरे का कहर कम होने का अनुमान जताया है। इसके बाद 22 जनवरी से बारिश के आसार बन रहे हैं।
रविवार भोर से सुबह सात बजे तक दृश्यता शून्य रही। 10 बजे के बाद धूप निकली। अधिकतम तापमान चार डिग्री बढ़त के बाद 20.2 डिग्री सेल्सियस और शनिवार रात का पारा 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रविवार को दिन में खिली धूप का असर यह रहा कि रात में तापमान में इजाफा हुआ है। न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, सोमवार की सुबह से 21 जनवरी तक क्रमवार कोहरा कम होगा। फिर एक और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 22 जनवरी से रुहेलखंड में बादल मंडराएंगे। हल्की बारिश के आसार हैं। इसके बाद कोहरे से काफी राहत मिलने की संभावना है। तापमान में इजाफा होने से ठंड भी कम होने की संभावना है।