इटावा। नानी के घर अकेले जाने की जिद पूरी न होने पर युवक ने ब्लेड से अपनी गर्दन और हाथ पर कई वार किए। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने भी अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ले पोस्तीखाना मोहल्ले में रहने वाले मोहम्मद नफीस सैफई हरदोई स्थित यूपीएस स्कूल में शिक्षक हैं। मंगलवार को नफीस किसी काम से बैंक गए हुए थे जबकि उनकी पत्नी इन दिनों दिल्ली स्थित मायके गई हुई हैं। घर पर उनका 22 वर्षीय इकलौता बेटा मोहम्मद तौहीद मौजूद था।
तौहीद पिछले कुछ दिनों से अपनी नानी के घर दिल्ली अकेले ही जाने पर अड़ा हुआ था। पिता मोहम्मद नफीस ने सर्दी के मौसम और सुरक्षा को देखते हुए बेटे को अकेले दिल्ली जाने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हो गई। पिता के मना करने से तौहीद काफी नाराज हो गया। नाराज तौहीद ने दोपहर करीब दो बजे ब्लेड से अपनी गर्दन व हाथ पर कई वार कर लिए।
कुछ देर बाद जब नफीस के भाई घर पहुंचे तो उन्होंने तौहीद को खून से लथपथ हालत में देखा। यह देख उनके होश उड़ गए। ई-रिक्शा से जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर ने बताया कि युवक की हालत फिलहाल स्थिर है लेकिन एहतियातन उसे निगरानी में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर क्राइम केके यादव पुलिस टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल युवक और परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
