बकेवर। ग्राम बहेड़ा में पत्नी के मायके से न आने से दुखी युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम बहेड़ा निवासी अनुज दोहरे (30) ने शुक्रवार की शाम करीब चार बजे कमरे में जाकर कुंडे से फंदा लगाकर जान दे दी। अनुज का पांच वर्षीय बेटा कमरे में गया तो उसने पापा को लटके हुए देखकर शोर मचाया। घर के लोग पहुंचे तो होश उड़ गए। मृतक के परिजनों ने इसकी सूचना चौकी पुलिस महेवा को दी।
थाना प्रभारी विपिन मलिक, चौकी प्रभारी महेवा समेत फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच साक्ष्य एकत्र किए। बाद में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अनुज की शादी करीब सात वर्ष पूर्व पड़ोस के गांव लालपुर से अंजली से हुई थी। करीब दो साल से अनबन के चलते पत्नी मायके में रह रही थी जबकि बेटा पिता अनुज के साथ रह रहा था।
कयास लगाया जा रहा है कि इसी बात से क्षुब्ध होकर युवक अनुज ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। थानाध्यक्ष बकेवर विपिन कुमार मलिक ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या आत्महत्या का मामला है। युवक की पत्नी मायके रह रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
