आपदा राहत विभाग ने 22 नालों के निर्माण के लिए बजट देने से किया इंकार
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नगर निगम को 22 नालों के निर्माण के लिए 24.52 करोड़ रुपये का बजट देने से आपदा राहत विभाग ने इंकार कर दिया है। विभाग के अफसरों ने कहा है कि जब झांसी में बाढ़ नहीं आती फिर कैसे बजट दे दें।
नगर निगम की तरफ से शहर के 22 नालों के निर्माण के लिए आपदा राहत विभाग को प्रस्ताव भेजा गया था। इन सभी नालों की कुल लंबाई 10.59 किलोमीटर है। इसमें सबसे लंबा 1.36 किलोमीटर का नाला है, जो कि आंतिया तालाब से लोहा मंडी होते हुए पठौरिया तक बनना है। इसी तरह, वार्ड नौ, 15, 22, 24, 31, 50, 53, 55 आदि में भी नाला निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था। करीब दो सप्ताह पहले लखनऊ में हुई केंद्रीय आपदा राहत विभाग की नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक में 22 नालों के लिए बजट देने से इंकार कर दिया है। इसके पीछे तर्क दिया कि विभाग द्वारा बाढ़ नियंत्रण के लिए बजट दिया जाता है। झांसी में तो बाढ़ आती नहीं है। ऐसे में बजट कैसे दिया जाए। नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि बारिश में झांसी में जलभराव की स्थिति बन जाती है। इसलिए नाला निर्माण होने से विभिन्न इलाकों में ये समस्या दूर हो जाएगी। मगर विभाग ने नियमों का हवाला देते हुए इससे इंकार कर दिया।
आपदा राहत विभाग को 22 नालों के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था। लखनऊ में हुई बैठक में अधिकारियों ने कहा कि बजट बाढ़ नियंत्रण के लिए दिया जाता है। चूंकि, झांसी में बाढ़ नहीं आती है। इसलिए बजट नहीं दिया जा सकता। – एमके सिंह, अधिशासी अभियंता, नगर निगम।