
आगरा रोड शहीद पार्क सजा हुआ
– फोटो : संवाद
विस्तार
प्राण प्रतिष्ठा समारोह का उल्लास पूरे देशवासियों में है। बृज की देहरी में भी 21 जनवरी को लोगों में काफी उल्लास देखा गया। धार्मिक आयोजनों व विभिन्न आयोजनों से कृष्ण की नगरी राममय हो गई।
हाथरस जिले में 22 जनवरी को दीपोत्सव के साथ राम की भक्ति की बयार बहेगी। देवालयों से लेकर घर-घर में धूमधाम के साथ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव मनाया जाएगा। मंदिरों में सुबह से शाम तक धार्मिक आयोजन होंगे। लोग भी अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों में भगवान की पूजा-अर्चना कर शाम को दीप जलाए जाएंगे। 21 जनवरी को पूरे दिन लोग तैयारी में जुटे रहे। मंदिरों पर धार्मिक आयोजनों का शुभारंभ हो गया। शहर के बाजार व घर प्रभु श्रीराम की तस्वीर वाले भगवा ध्वज से अटे पड़े दिखाई दिए।
बाजारों में श्रीराम की तस्वीर वाले भगवा ध्वज खरीदने को लेकर लोगों में खासा उत्साह और उमंग नजर आया। ध्वज खरीदने के लिए लोगों में मारामारी मची रही। शहर के प्रमुख बाजारों को बड़े ही सुंदर तरीके से सजाया गया। मंदिरों व शहर की प्रमुख इमारतों को बिजली की रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया।

ब्रज की देहरी के भक्तों पर सिर चढ़ बोल रही राम की भक्ति
प्रभु श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर एक दिन पहले समूचा जिला राममय नजर आया। बाइकों से लेकर प्रतिष्ठानों और घरों पर प्रभु श्रीराम की तस्वीर वाले भगवा ध्वज लगे हुए दिखाई दिए। युवाओं की टोली प्रभु जयश्रीराम का जय घोष करते हुए जगह-जगह नजर आईं।
सुबह होगी पूजा-अर्चना, शाम होगा प्रसाद वितरण
22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को जिले भर के देवालयों में काफी आस्था, उमंग और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। श्रीराम के मंदिरों में आयोजन होंगे। सुबह भगवान का दूध, दही, शहद, बूरा और देशी घी से अभिषेक किया जाएगा। भगवान को नए पोशाक व शृंगार धारण कराए जाएंगे। मंदिरों सुंदरकांड पाठक व श्रीराम संकीर्तन का आयोजन होंगे। शाम को भव्य फूल बंगला के शृंगार व प्रसादी का वितरण किया जाएगा।
