झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में नौकरी दिलाने के बहाने जालसाज ने आदर्श नगर निवासी मनु वर्मा से पेशगी के तौर पर 2.10 लाख रुपये हड़प लिये। भुक्तभोगी को आरोपी ने फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी थमा दिया। नौकरी न मिलने पर उसने पैसा वापस मांगा लेकिन आरोपी उसे जान से मार डालने की धमकी देने लगा। भुक्तभोगी ने आरोपी के खिलाफ सीपरी बाजार थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मनु ने पुलिस को बताया कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में उसकी मुलाकात कुछ साल पहले मयंक शुक्ला निवासी किदवई नगर, कानपुर से हुई थी। मयंक ने अपने उच्च संपर्कों का हवाला देते हुए सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। उसकी बातों में वह आ गई। मयंक ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में नौकरी दिलाने का भी वादा किया। उससे टोकन मनी के तौर पर पैसा जमा करने को कहा। उसने कुल 1.30 लाख रुपये उसे दे दिए। मयंक ने उसे कूटरचित ज्वाइनिंग लेटर भी दे दिया। उसने कहा कि एक फोन आएगा। उसके बाद जाकर ज्वाइन करना होगा। कई महीने बीत जाने के बाद भी उसके पास फोन नहीं आया। दोबारा पूछने पर उसने फिर पैसा जमा कराने को कहा। उसने कुल 2.10 लाख रुपये दे दिए लेकिन, नौकरी नहीं मिली। कई माह बाद भी नौकरी न मिलने पर मनु ने पैसा लौटाने की बात कही। आरोप है कि मयंक पैसा लौटने के बजाय उसे जान से मार डालने की धमकी देने लगा। उसकी तहरीर पर सीपरी बाजार पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
