अलीगढ़ में गोंडा के गांव दौंकोली में ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आई महिला अर्चना दो मंजिला मकान की छत पर पहुंच गई। पति ने उसे उकसाना शुरू कर दिया और कहा, कूद जाओ। देखते ही देखते महिला ने छत से नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरने के बाद जमीन पर तड़प रही महिला को पति ने पीटना शुरू कर दिया। महिला को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना 1 अगस्त सुबह आठ बजे की है। अर्चना गांव के ही सोनू की पत्नी है। इस पूरी घटना का 38 सेकंड का वीडियो वायरल हो रहा है। अर्चना के भाई थाना खैर के गांव सभापुर निवासी अंकित कुमार ने बताया कि उसकी बहन अर्चना की शादी करीब छह साल पहले सोनू से हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति सोनू, ससुर प्रेमपाल, सास नेहनी देवी, जेठ प्रमोद, जेठानी दुर्गेश देवी दहेज से संतुष्ट नहीं थे और पांच लाख रुपये व बुलेट बाइक की मांग कर रहे थे। इसके लिए अर्चना को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

भाई का आरोप है कि जेठ उसकी बहन पर बुरी नीयत रखता था। इसकी शिकायत अर्चना ने अपनी सास और पति से की तो उन्होंने उसे ही पीटा। अर्चना ने एक पुत्र व एक पुत्री को भी जन्म दिया, लेकिन ससुराल के लोगों के व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आया। 1 अगस्त को भी उसे प्रताड़ित किया और छत से कूदने के लिए उकसाया। सीओ इगलास महेश कुमार का कहना है कि पीड़िता के मायके वालों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। महिला की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तमाशबीन बने ससुराल वाले

महिला पर छत पर पहुंची तो पति सोनू उसे उकसाता रहा। परिवार के अन्य सदस्य तमाशबीन बने थे। महिला को खरी-खोटी सुना रहे थे। माना जा रहा है कि वायरल वीडियो पड़ोस के किसी व्यक्ति ने बनाया है। महिला के नीचे गिरते ही चीख पुकार मच गई। महिला के बच्चे चीख रहे हैं। पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें