अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। कारोबार और रोजगार की दृष्टि से 19 फरवरी की तारीख झांसी के लिए अहम साबित होने वाली है। इस दिन 130 कंपनियां अपनी इकाइयों के निर्माण कार्य का शुभारंभ करेंगी। यह कंपनियां यहां 23,744 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी। भूमि पूजन समारोह लखनऊ और झांसी में आयोजित किए जाएंगे। उद्योग विभाग आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
पिछले एक साल से निवेशकों का ध्यान लगातार झांसी की ओर बना हुआ है। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि इस अवधि में यहां निवेश के 310 प्रस्ताव हासिल हो चुके हैं। इन सभी निवेशकों ने एमओयू कर सरकार से करार कर लिया है और ये यहां 2,10,484 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रहे हैं। इनमें से 130 निवेशक अब यहां अपनी यूनिट की स्थापना का काम भी शुरू करने जा रहे हैं। इन निवेशकों के द्वारा यहां 23,744 करोड़ रुपये की लागत से अपनी इकाई स्थापित की जाएंगी। इनमें से 72 निवेशक यहां 10-10 करोड़ रुपये से अधिक का निवेशक करेंगे, जिनकी इकाइयों का शिलान्यास 19 फरवरी को लखनऊ में आयोजित भूमि पूजन समारोह में होगा। जबकि, 58 निवेशक 10-10 करोड़ रुपये से कम लागत की इकाई लगाएंगे। इनकी इकाइयों का भूमि पूजन यहां दीनदयाल सभागार में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में होगा। उद्योग विभाग की ओर से आयोजन की तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है।
000000
यह काम होंगे शुरू
19 फरवरी को होने वाले भूमि पूजन समारोह के बाद यहां पांच सोलर प्लांटों की स्थापना होगी। दो निजी विश्वविद्यालयों का काम शुरू किया जाएगा। मेडिकल एजूकेशन संस्थान की शुरुआत होगी। हैंडलूम और टेक्सटाइल क्षेत्र की कंपनियां भी यहां काम शुरू करेंगी। दो मेगा हाउसिंग प्रोजेक्ट शुरू होंगे। इसके अलावा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम स्तर की कंपनियां भी यहां अपने काम की शुरुआत करेंगी।
0000000
एमओयू के लिए अलग से बनेगी कमेटी
झांसी में निवेश के लिए हुए एमओयू को धरातल पर उतारने के लिए यहां मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में अलग से एक कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी में निवेशकों से जुड़े अलग-अलग 22 विभागों के अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। कमेटी की प्रत्येक 15 दिन में बैठक होगी, जिसमें निवेशकों की ओर से उठाई जाने वाली समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। बता दें कि अब तक यह काम जिला उद्योग बंधु की बैठक में होता था, परंतु अब इसके लिए अलग से कमेटी गठित की जा रही है।
000000
भूमि पूजन समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 10 करोड़ से अधिक लागत की इकाइयों का भूमि पूजन 19 फरवरी को लखनऊ में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में होगा, जबकि इससे कम लागत की इकाइयों की शुरुआत झांसी में होने वाले कार्यक्रम में होगी। – मनीष चौधरी, उपायुक्त उद्योग
