
सैलानियों का तिलक कर हुआ स्वागत
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आगरा में विश्व पर्यटन दिवस पर आगरा आए सैलानियों का स्वागत तिलक लगाकर किया गया। आगरा किला पर होटल एसोसिएशन ने सैलानियों पर फूलों की वर्षा की। आगरा की पहचान पेठा खिलाकर मुंह मीठा कराया।
आगरा किला पर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के सदस्यों ने विदेशी पर्यटकों का स्वागत तिलक लगाकर किया। फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया और पेठा खिलाया। अध्यक्ष राकेश चौहान ने बताया कि 35 साल से एसोसिएशन सैलानियों का स्वागत भारतीय संस्कृति के मुताबिक करती आ रही है ताकि पर्यटक हमारी संस्कृति, सभ्यता को समझ सकें।
इस दौरान संजीव जैन, माधव मोहन बंसल, राजेश कालिया, संजीव भारती, दीपक गुप्ता, राजकुमार खंडेलवाल, संजय सिंह, अंकित बंसल, संदीप अरोडा, शिवांकर शर्मा आदि मौजूद रहे।
जहां शांति, वहीं बढ़ेगा पर्यटन, सीरिया से सीखिए
इस बार की थीम ‘पर्यटन और शांति’ विषय पर यूपी टूरिज्म ने होटल ग्रांड में गोष्ठी आयोजित की। इसका शुभारंभ मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने किया। उन्होंने कहा कि आगरा किले पर पर्यटकों के लिए लाइट एंड साउंड शो शुरू होगा, वहीं सीकरी में भी इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि जहां शांति होगी, वहीं पर्यटन पनप पाएगा। सीरिया, यूक्रेन और मध्य एशिया के देश उदाहरण हैं। टूरिज्म गिल्ड के राजीव सक्सेना, अरुण डंग, पर्यटन संस्थान के लवकुश मिश्रा और यूपी गाइड एसोसिएशन के दीपक दान ने विचार व्यक्त किए।
अनुभवी को मिला पहला पुरस्कार
पर्यटन विभाग ने कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की, जिसमें होली पब्लिक स्कूल की अनुभवी वर्मा को प्रथम पुरस्कार मिला। दयानंद बाल मंदिर की कनक गुप्ता को दूसरा और इंटरनेशनल स्कूल की कशिश मानपुरिया को तीसरा पुरस्कार दिया गया। मंडलायुक्त ने उन्हें पुरस्कृत किया।
12 पर्यटन इकाइयों को दिए प्रमाणपत्र
मंडलायुक्त ने आगरा में पंजीकृत की गई 12 पर्यटन इकाइयों को पंजीकरण प्रमाणपत्र दिए। यह इकाइयां आगरा में 1275 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी। इनमें डीसी रिजोर्ट, होटल रितुराज इन, होटल भावना पैलेस एवं होटल लीला पैलेस के प्रतिनिधियों को पर्यटन नीति-2024 के पंजीकरण प्रमाणपत्र दिए गए। इस दौरान क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दीप्ति वत्स, हरीश कुमार, रमेश वाधवा, देवाशीष भौमिक, शमशुद्दीन, पीके मिश्रा आदि मौजूद रहे। संचालन सुधीर नारायण ने किया।
सबसे ज्यादा रोजगार दे रहा पर्यटन
डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि के पर्यटन एवं होटल प्रबंधन संस्थान में कुलपति प्रो. आशुरानी के निर्देशन में कार्यशाला की गई, जिसमें निदेशक प्रो. यूएन शुक्ला ने बताया कि सबसे ज्यादा रोजगार देने वाला पर्यटन क्षेत्र है। डॉ. एमपीएस कॉलेज ऑफ बिजनेस स्टडीज और कन्फेडरेशन ऑफ टूरिज्म एसोसिएशंस के साथ हुई कार्यशाला में बताया गया कि थाईलैंड क्षेत्रफल में छोटा है, पर पर्यटन में कहीं आगे है। इस दौरान राजीव तिवारी, संदीप शुक्ला, डाॅ. विक्रांत शास्त्री, राजीव ठाकुर, प्रो बी डी शुक्ला, डॉ राजपाल चौहान आदि मौजूद रहे।
