महिला प्रीमियर लीग 2026 के मेगा ऑक्शन में आगरा ने एक बार फिर अपना दबदबा दिखाया। बृहस्पतिवार को हुए मेगा इवेंट में आगरा की क्रिकेटर दीप्ति शर्मा 3.2 करोड़ रुपये में फिर से यूपी वॉरियर्स की टीम में शामिल कर ली गईं। यह पहली बार है कि जब किसी फ्रेंचाइजी ने किसी भारतीय खिलाड़ी को वापस अपनी टीम में लाने के लिए राइट टू मैच (आरटीएम) कार्ड का इस्तेमाल किया। 

बृहस्पतिवार को नीलामी की शुरुआत धीमी रही। पहले सिर्फ दिल्ली कैपिटल्स ने दीप्ति में रुचि दिखाई। उनका बेस प्राइस 50 लाख था, लेकिन बोली बढ़ते-बढ़ते 3.2 करोड़ पर जा पहुंची। कहा जा रहा था कि दीप्ति शर्मा 2023 में स्मृति मंधाना के बनाए गए 3.40 करोड़ के रिकॉर्ड को तोड़ सकती थीं, लेकिन अंतिम क्षण में यूपी वॉरियर्स ने आरटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर दीप्ति को वापस अपने कैंप में ले लिया। इस तरह रिलीज होने के बावजूद दीप्ति एक बार फिर उसी टीम में लौट आईं, जिसने उन्हें शुरुआती वर्ष में मौका दिया था। एक अन्य खिलाड़ी आरुषि गोयल ऑक्शन में अनसोल्ड रहीं। अलमास भारद्वाज और अंजली सिंह का ऑक्शन लिस्ट में नाम तो था लेकिन उनका स्लॉट डिस्प्ले नहीं हुआ जिससे दोनों को बोली का मौका ही नहीं मिला।

अपनी ही होम टीम में वापसी से दीप्ति बेहद खुश नजर आईं। दीप्ति ने अमर उजाला से कहा कि पिछले सत्रों में यूपी वॉरियर्स की ओर से खेल रही थी। इस टीम के साथ मेरा तालमेल और यादें दोनों जुड़ी हैं। दोबारा इस परिवार में लौटकर बेहद अच्छा लग रहा है। कहा कि इस बार उनका लक्ष्य डब्ल्यूपीएल 2026 की ट्रॉफी है। यूपी वॉरियर्स के फैंस ने हमेशा मुझे अपार प्यार दिया है। इस सीजन में चाहती हूं कि हम सब मिलकर ट्रॉफी आगरा और यूपी के नाम करें।

दीप्ति आज भारतीय महिला क्रिकेट की रीढ़ : हेमलता काला

अंतरराष्ट्रीय लेग स्पिनर पूनम यादव ने इस सीजन के ऑक्शन के लिए अपना नाम ही नहीं भेजा था। पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और चयनकर्ता हेमलता काला ने कहा कि दीप्ति आज भारतीय महिला क्रिकेट की रीढ़ बन चुकी हैं। उनके शांत स्वभाव, निरंतरता और मैच फिनिश करने की क्षमता ने उन्हें दुनिया की सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडरों में खड़ा कर दिया है।

दीप्ति के साथ प्रशिक्षण लेने वाली सुमन मीणा भी 10 लाख में खरीदी गई

विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के ऑक्शन में उभरती ऑलराउंडर सुमन मीणा को भी 10 लाख रुपये में खरीदा गया है। सुमन मीणा पहली बार डब्ल्यूपीएल में शामिल हुई हैं। सुमन मीणा की कहानी दीप्ति से जुड़ी है। सुमन को कोचिंग दीप्ति के भाई सुमित शर्मा ने दी है। यहीं से उन्होंने बल्लेबाजी, मीडियम पेस और ऑलराउंडर स्किल्स को निखारा। अंडर-19, अंडर–23 और सीनियर बोर्ड ट्रॉफी में कप्तानी कर चुकी सुमन तीन बार इंडिया रेड, ग्रीन, ब्लू चैलेंजर ट्रॉफी भी खेल चुकी हैं। यूपी वॉरियर्स में उन्हें एक ऑलराउंडर (मीडियम पेस) के तौर पर शामिल किया है। 

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें