मथुरा में दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के भीषण हादसा हो गया। घने कोहरे में सात बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं। इसके बाद वाहनों में आग लग गई। सूचना पाते ही इलाके की पुलिस और जिला प्रशासन मौके पर पहुंच गया। छह लोगों के मरने की खबर है और 80 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने चार लोगों के मरने की पुष्टि की है। देर रात हुए हादसे के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर राहत-बचाव कार्य के लिए 11 फायरबिग्रेड की गाड़ियों के अलावा 14 एम्बुलेंस भेजी गई।
#WATCH | Mathura, UP | Several buses catch fire on the Delhi-Agra Expressway. Casualties feared. Further details awaited. pic.twitter.com/9J3LVyeR3P
— ANI (@ANI) December 16, 2025

दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पा लिया गया है, वहीं एक्सप्रेसवे के इस हिस्से में यातायात को अस्थायी रूप से रोका गया है। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, पहले एक दुर्घटना हुई, जिसके बाद तीन से छह बसों में आग लग गई। हादसे के समय बसें पूरी तरह भरी हुई थीं और सभी सीटों पर यात्री मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह हादसे के वक्त सो रहा था। अचानक जोरदार आवाज के साथ आग फैल गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
