मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 दिसंबर को अलीगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। वह 2.30 घंटे शहर में रहेंगे। इस दौरान वह कलेक्ट्रेट में मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक करेंगे, जिसमें विकास कार्यों और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री सुबह 11:05 बजे आगरा के खेरिया हवाई अड्डे से हेलीकॉप्टर के जरिये अलीगढ़ के एएमयू क्रिकेट मैदान पहुंचेंगे। 1.30 बजे छेरत में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद यहीं से कोटद्वार (उत्तराखंड) के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। सुबह 11.15 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री अलीगढ़ मंडल के चारों जिलों अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक 12.15 तक चलेगी। यहां सरकारी योजनाओं की समीक्षा, एसआईआर की प्रगति, जिला पंचायत चुनाव के संबंध में चर्चा के साथ अधिकारियों की कार्यशैली पर जनप्रतिनिधियों से फीडबैक लिया जाएगा। बैठक में किसी भी सरकारी अधिकारी को शामिल होने की इजाजत नहीं होगी।

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन देर रात तक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा रहा। एएमयू के क्रिकेट मैदान से लेकर कलेक्ट्रेट तक के मार्ग को दुरुस्त किया गया है। नुमाइश मैदान से लेकर एएमयू क्रिकेट मैदान तक डिवाइडरों पर पेंट किया गया और सड़कों की विशेष साफ-सफाई की गई। प्रशासन ने नुमाइश मैदान में भी विशेष सफाई अभियान चलाया, ताकि हेलीकॉप्टर से मुख्यमंत्री को कोई गंदगी या कूड़ा न दिखाई दे।


मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों को चाक-चौबंद व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। – संजीव रंजन, डीएम




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *