गंजडुंडवारा। शनिवार की रात में हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि उसका दूसरा साथी गंगा में गिरकर लापता हो गया था। जबकि तीसरे को गंभीर चोट आने पर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंगा में गिरे युवक की तलाश के लिए गोताखोरों को लगाया गया है, गोताखोर रविवार को पूरे दिन लापता युवक की तलाश करते रहे। लेकिन दूर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। समाचार लिखे जाने तक पुलिस व गोताखोर युवक की तलाश में जुटे थे।
शनिवार की रात 9 बजे के करीब गंजडुंडवारा के वार्ड नं आठ के मोहल्ला खेरू निवासी तीन दोस्त जानू (28) पुत्र ओम प्रकाश, अमित कुमार उर्फ बाबू पुत्र राम दास और विकास पुत्र मटरू एक बाइक पर सवार होकर बदायूं में लगे ककोड़ा मेला देखने के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कादरगंज पुल पर पहुंची, तभी बदायूं की तरफ से तेज गति से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
इस हादसे में जानू की तो मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अमित कुमार उर्फ बाबू (23) गंभीर रूप से घायल हुआ। घायल को उपचार के लिए सीएचसी गंजडुंडवारा भेजा गया। जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। पूछताछ में सामने आया कि बाइक पर सवार तीसरा युवक विकास शाक्य (22) पुल से गंगा में गिर गया, इसके बाद परिवार के लोग युवक की गंगा में तलाश शुरू किए। रविवार को पूरे दिन पुलिस व गोताखोर लापता युवक की तलाश में जुटे रहे। लेकिन देर शाम तक उसका कही कोई पता नहीं चला।
घर पहुंचा शव तो मचा कोहराम
जानू बाइक की दुकान पर मजदूरी करता था। यह अपने परिवार में इकलौता कमाने वाला था। इसके एक 3 वर्षीय पुत्री तथा डेढ़ वर्ष की एक पुत्री है। वर्तमान में भी जानू की पत्नी गर्भवती है, जल्द ही उसके बच्चा हो सकता है। वह किराए के मकान में रहकर गुजर बसर करता था। जानू की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय बताई जाती है। पोस्टमार्टम के बाद जब जानू का शव घर पहुंचा तो परिजन में कोहराम मच गया।
