
इसी युवक को पैर में लगी है गोली
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सोनभद्र जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के सेहुआं गांव में शादी समारोह में विवाद के बाद दबंग ने युवक को गोली मार दी। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली उसके बाएं जांघ में लगी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
यह है पूरा मामला
सेहुआं गांव में मंगलवार को छोटेलाल की बेटी की शादी थी। देर रात बरात दरवाजे पर पहुंची थी। इसी दौरान बरात लगाने को लेकर गांव निवासी सूरज से विवाद हो गया। पड़ोसी युवक ओमप्रकाश ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। कुछ देर बाद बरात छोटेलाल के दरवाजे पर पहुंची। यहां डीजे पर बच्चों के नाचने को लेकर फिर से सूरज से कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद की जानकारी होने पर ओमप्रकाश का बड़ा भाई जयप्रकाश (26) भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान सूरज ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली लगने से जयप्रकाश घायल हो गया। फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोपी युवक फरार हो गया। ग्रामीणों ने घायल जयप्रकाश को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया।
कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र राय ने बताया कि शादी समारोह में विवाद के बाद घटना हुई है। घायल युवक की हालत खतरे से बाहर है। परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
