
कंपोजिट विद्यालय दामूपुरवा में लगा विद्युत पोल व उस पर रखा ट्रांसफार्मर।
श्रावस्ती। करंट की चपट में आने से हो रहीं मौतें व आग लगने की घटनाओं से विभाग सबक नहीं ले रहा है। जिले में कई ऐसे परिषदीय विद्यालय हैं जिनके ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। ऐसे में नौनिहालों को जान जोखिम में डालकर शिक्षा ग्रहण करना पड़ रहा है।
जिले में 28 परिषदीय विद्यालय ऐसे हैं, जहां या तो हाईटेंशन लाइन ऊपर से गुजर रही है या फिर विद्यालय परिसर में ही ट्रांसफार्मर रखा है। इससे विद्यालय आने वाले छात्रों के साथ ही शिक्षकों को भी दुर्घटना का अंदेशा रहता है। जबकि अक्सर ट्रांसफार्मर जलने व विद्युत लाइन से चिंगारी निकलने की घटनाएं होती रहती हैं। फिर भी जिम्मेदार विभाग इन घटनाओं से सबक नहीं ले रहे हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से परिषदीय विद्यालयों के परिसर से विद्युत लाइन हटाने के लिए शासन को एक करोड़ तीन लाख 45 हजार 981 रुपये की डिमांड भेजी गई है।
यह विद्यालय हाईटेंशन लाइन की जद में
हरिहरपुररानी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भंगही, भरथा पूर्वी, राजावीरपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय मछरिहवा, भंगहा, शिवगढ़कला के परिसर से हाईटेंशन लाइन गुजरी है। इकौना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भंभरी, लखाही, रमवापुर डकाही, बेलहा राघव, चिचड़ी, उच्च प्राथमिक विद्यालय भिट्ठी, डिंगुराजोत व खर्चवीरान से भी हाईटेंशन लाइन गुजरी है। जमुनहा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय दामूपुरवा, गौसपुर, टिकुईया, प्राथमिक विद्यालय नारायणजोत, भगवानपुर, दर्वेशगांव, मोहनपुरवा, उच्च प्राथमिक विद्यालय दामूपुरवा, लालबोझा, तेंदुआ पर भी हाईटेंशन लाइन का खतरा है। सिरसिया क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय संतलिया, सेहनिया, उच्च प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मणपुर बाजार व पूरे प्रसाद को भी हाईटेंशन लाइन से खतरा है।
विद्युत लाइन को परिसर से हटाने के लिए पहले स्वीकृत हुई धनराशि विद्युत विभाग के अनुसार कम थी। इसपर विद्युत विभाग की ओर से आकलन कराकर बताई गई धनराशि की डिमांड शासन को भेज दी गई है। धनराशि मिलते ही विद्यालय परिसर को हाईटेंशन लाइन से मुक्त कराया जाएगा।
– अजय कुमार बीएसए
