अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। दही मटकी फोड़ कार्यक्रम की तैयारी में जुटे युवक की करंट से मौत हो गई। उसके दो साथी भी गंभीर रूप से झुलस गए हालांकि उनकी हालत अब सामान्य है। इस दर्दनाक हादसे के बाद बृहस्पतिवार को होने वाले मटकी फोड़ कार्यक्रम को भी रद कर दिया।
गुरसराय के सेमरी गांव में 5 सितंबर को गांव के तालाब के पास मटकी फोड़ कार्यक्रम होना था। गांव के लोग कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे थे। मंगलवार शाम देवेंद्र अहिरवार (38),राहुल (30) और खरगोले (32) होर्डिंग लगा रहे थे। इसी दौरान 11केवी का बिजली तार उस होर्डिंग से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक होर्डिंग के छूते ही तेज धमाका हुआ। तीनों युवक करंट की चपेट में आ गए। बिजली बंद कराने तक तीनों बेसुध हो गए। उनको गुरसराय सीएचसी ले जाया गया। यहां देवेंद्र की हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मंगलवार देर-रात देवेंद्र की मौत हो गई जबकि राहुल और खरगोले की हालत अब सामान्य है। देवेंद्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी ममता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में दो पुत्री श्वेता, गौरी और बेटा राज हैं। उधर, हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है। बृहस्पतिवार को होने वाले कार्यक्रम को भी रद कर दिया गया।
