
Crime Scene
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आगरा के बाह में साढ़ू के घर आए युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिवार के लोग शव को लेकर थाना बाह पहुंचे। परिवार के लोगों ने हत्या का शक जताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
टूंडला के अकबरपुर में अपने साढ़ू के घर गए बाह के टोड़ीपुरा गांव के अजय (35) की बृहस्पतिवार की रात संदिग्ध हाल में मौत हो गई। शव को बाह थाने ले पहुंचे परिजनों ने हत्या का शक जताया है। बताया गया है कि अजय मेहनत मजदूरी करता था। उसकी ससुराल फिरोजाबाद के धातरी गांव में है। परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार को अजय टूंडला के अकबर पुर गांव में बुलावे पर अपने साढ़ू के घर गया था। शुक्रवार की सुबह पत्नी आरती टोड़ीपुरा आई और बोली कि छत से गिर कर अजय घायल हो गया है। आगरा के अस्पताल में भर्ती है। इलाज के लिए रुपये दे दो। पिता गंगाराम ने पुलिस को बताया कि जब घरवाले अस्पताल में पहुंचे तो अजय का शव पड़ा मिला, सिर पर चोट के निशान थे। शव को लेकर थाने पहुंचे गांव के लोग भी उनके साथ थे।
उन्होंने अजय की हत्या का अंदेशा जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। थाना पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
छिना पिता का साया, कैसे होगा दो बच्चों का पालन
टोड़ीपुरा के अजय की 15 जून 2012 को धातरी की आरती के साथ शादी हुई थी। दोनों के दो बच्चे देव (11), सौरभ (9) है। परिवार में अजय अकेला कमाने वाला था। अजय की मौत के साथ ही दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया छिन गया है। परिजन और ग्रामीणों का कहना है कि पिता का साया छिनने के बाद अब दोनों बच्चों का लालन-पालन कैसे होगा। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है। परिजन गम और गुस्से में हैं।
