संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
Updated Sun, 17 Nov 2024 11:35 PM IST
कासगंज। सिकंदराराऊ मार्ग पर शनिवार की रात पिवारी चौकी के समीप दो बाइकों में आपस में भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर घायल को अलीगढ़ भेजा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सहावर क्षेत्र के गांव मिढौल निवासी पंकज ( 25) पुत्र अनेक पाल अपने मौसा रामपाल निवासी रार पट्टी एटा के साथ शनिवार को बाइक पर सवार होकर मौसेरी बहन के शादी के लिए लड़का देखने सिकंदराराऊ गया था। पिता अनेक पाल ने बताया कि वहां से रात में लौटते समय पिवारी के समीप सामने से आ रही बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई।
हादसे में पंकज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार टिंकू (40) पुत्र कुंवरपाल निवासी नगरिया बीच मारहरा एटा गंभीर घायल हो गया। घटना के बाद राहगीर व आस-पास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। किसी ने फोन कर सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पिवारी चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से गंभीर घायल टिंकू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए उसे अलीगढ़ भेज दिया। पुलिस मे मृतक पंकज के शव को पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ढोलना कोतवाली प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि हादसा पिवारी चौकी जनपद एटा में हुआ था। इसकी सूचना उन्हें दे दी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
