आगरा। अग्निवीर भर्ती में युवा बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। उनमें उत्साह है। पिछले साल के मुकाबले आवेदन में 10 से 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसके साथ ही युवाओं को सलाह दी जा रही है कि वह दलालों के झांसे में न आएं। अपनी तैयारी और मेहनत पर भरोसा रखें। भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी है। ये बातें बृहस्पतिवार को लखनऊ जोन रिक्रूटमेंट के डीडीजी ब्रिगेडियर एसके मंडल ने कही।

उन्होंने एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती का दूसरे दिन निरीक्षण किया। उन्होंने अभ्यर्थियों से बात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने युवाओं से यह भी कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही पंजीकरण कराएं। अगर कोई भर्ती कराने का झांसा देता है तो पुलिस और सैन्य अधिकारियों से शिकायत करें।

डीडीजी बिग्रेडियर ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया 19 अप्रैल तक चलेगी। इसमें यूपी-उत्तराखंड को विशेष अवसर दिया गया है। इस बार करीब 19 हजार अभ्यर्थी भाग लेंगे। बृहस्पतिवार को टेक्निकल में भर्ती प्रक्रिया हुई। वर्ष 2026-27 की भर्ती के लिए बंपर रजिस्ट्रेशन हो रहे हैं।


– हर ग्रुप को अलग रंग की टीशर्ट

डीडीजी ब्रिगेडियर ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए चयन प्रक्रिया में तकनीक का प्रयोग हो रहा है। अभ्यर्थियों को एक रिस्ट बैंड पहनाया जा रहा है। जिस पर विशेष नंबर और बारकोड है। इसमें अभ्यर्थी की पूरी जानकारी होती है। प्रवेश करते ही अभ्यर्थी को रिस्ट बैंड पहना दिया जाता है। साथ ही हर ग्रुप को अलग-अलग रंग की टीशर्ट दी जा रही है। हर स्तर पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। दाैड़ में चयनित अभ्यर्थियों को जंप, बैलेंसिंग बीम की परीक्षा पास करनी होती है। इसके बाद प्रमाणपत्र सत्यापन और मेडिकल परीक्षण होता है।

– दलाल देते हैं प्रलोभन

डीडीजी ब्रिगेडियर ने कहा कि दलाल के झांसे में नहीं आएं। वह अभ्यर्थियों को अलग-अलग तरीके से प्रलोभन देते हैं। बताते हैं कि भर्ती नहीं हो सकेगी। वह सब कुछ करा देंगे। अभ्यर्थी अपनी मेहनत से भर्ती हो जाए तो उसका भी क्रेडिट लेने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती के दौरान अब तक आगरा में कोई मामला सामने नहीं आया है।

– दूसरे दिन 1100 अभ्यर्थी हुए शामिल

रैली के दूसरे दिन आगरा जिले को छोड़कर अन्य 11 जिलों के अभ्यर्थियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। सुबह 5 बजे से शुरू हुई दाैड़ की प्रक्रिया सुबह करीब 8 बजे तक चली। सफल अभ्यर्थियों को शुक्रवार को मेडिकल परीक्षण के लिए बुलाया गया है। सेना भर्ती कार्यालय की ओर से रैली में 19 अप्रैल तक आगरा, मथुरा, एटा, इटावा, झांसी, हाथरस और फिरोजाबाद समेत 12 जिलों के करीब 19 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। बृहस्पतिवार को अग्निवीर टेक्निकल पद के लिए 11 जिलों के 1100 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। बुधवार रात 1 बजे के बाद दस्तावेजों की जांच हुई। इसके बाद भर्ती स्थल में प्रवेश दिया गया। अभ्यर्थियों को 100-100 के आठ ग्रुप में बांटा गया था। कर्नल बिक्की शर्मा (भर्ती अधिकारी) ने बताया कि भर्ती स्थल पर पूरी प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से कराई जा रही है।

आज क्लर्क और स्टोरकीपर टेक्निकल की भर्ती

शुक्रवार को अग्निवीर क्लर्क और स्टोरकीपर टेक्निकल पद के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इसमें आगरा जिले को छोड़कर एटा, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, झांसी, ललितपुर, इटावा सहित अन्य जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *