समाजवादी पार्टी द्वारा बृहस्पतिवार को जारी चुनावी घोषणा पत्र में बिजली का निजीकरण नहीं करने तथा बाबा साहब की नीतियों के अनुरूप विभाग को सार्वजनिक क्षेत्र में मजबूत करने के एलान का उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि 300 यूनिट तक घरेलू बिजली मुफ्त और किसानों की बिजली मुफ्त करने के एलान से उत्तर प्रदेश के सरकारी खजाने पर प्रतिवर्ष लगभग 47,591 करोड़ का भार पड़ेगा।

उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा, निजीकरण पर रोक और सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उपभोक्ता परिषद लगातार सभी राजनीतिक दलों से मांग उठाती रही है।

सरकारी खजाने पर पड़ने वाले बोझ का आकलन भी जरूरी

वहीं घोषणा पत्र में सरकार बनने पर घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने, आर्थिक रूप से कमजोर घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली मुफ्त करने तथा किसानों की बिजली मुफ्त देने के वादे पर उपभोक्ता परिषद ने कहा कि ऐसी घोषणाओं के आर्थिक प्रभाव और सरकारी खजाने पर पड़ने वाले बोझ का आकलन भी जरूरी है।

उपभोक्ता परिषद अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार पिछले लगभग 7 वर्षों से बिजली दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं कर रही है तथा किसानों और घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली दरों में राहत देने के लिए वर्ष 2026-27 में लगभग 20,400 करोड़ की सब्सिडी दी जा रही है। इसमें किसानों के निजी नलकूपों की बिजली सब्सिडी के लिए लगभग 12,845 करोड़ रुपये शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 के आंकड़ों के आधार पर प्रदेश में लगभग 3 करोड़ 88 लाख 79 हजार 905 बिजली उपभोक्ता हैं, जिनसे कुल प्रस्तावित राजस्व लगभग 89,188 करोड़ रुपये है। वहीं लगभग 3 करोड़ 37 लाख घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं से प्रस्तावित राजस्व लगभग 39,761 करोड़ है। घरेलू उपभोक्ताओं की 300 यूनिट से ऊपर की खपत से प्रस्तावित राजस्व लगभग 5,015 करोड़ है।

सालाना लगभग 47,591 करोड़ का बोझ खजाने पर पड़ेगा

ऐसे में यदि प्रदेश में घरेलू उपभोक्ताओं की 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त कर दी जाती है, तो घरेलू श्रेणी का लगभग 34,746 करोड़ का राजस्व सरकारी खजाने से वहन करना पड़ेगा। इसके साथ ही किसानों के निजी नलकूपों की वर्तमान बिजली सब्सिडी 12,845 करोड़ जोड़ने पर सालाना लगभग 47,591 करोड़ का बोझ सरकारी खजाने पर पड़ेगा।

अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि उपभोक्ताओं को राहत देने वाली घोषणाओं के साथ बिजली विभाग और सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनियों को मजबूत करने, उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने की स्पष्ट कार्ययोजना भी जरूरी है।

उपभोक्ता परिषद अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार पिछले लगभग 7 वर्षों से बिजली दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं कर रही है तथा किसानों और घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली दरों में राहत देने के लिए वर्ष 2026-27 में लगभग 20,400 करोड़ की सब्सिडी दी जा रही है। इसमें किसानों के निजी नलकूपों की बिजली सब्सिडी के लिए लगभग 12,845 करोड़ शामिल है।

 



Source link