कानपुर3 महीने पहले

  • कॉपी लिंक
नगर निगम में पुलिस ने चीफ इंजीनियर से की थी पूछताछ - Dainik Bhaskar

नगर निगम में पुलिस ने चीफ इंजीनियर से की थी पूछताछ

कानपुर नगर निगम में टेंडर रैकेट की जांच कर रही एसआईटी ने बुधवार को जब्त की गई 17 फाइलों की दो दिन तक जांच की। टीम ने ई-टेंडरिंग और लॉटरी प्रक्रिया को समझने के साथ फाइलों में सामने आई खामियों का भी परीक्षण किया। प्राथमिकता के आधार पर अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ के लिए एसआईटी ने 30 सवाल तैयार किए हैं।

जांच के दायरे में आए अधिकारियों और कर्मचारियों को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। एसआईटी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि टेंडर प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कहां और किस स्तर पर हुई।

ये तस्वीर आरोपी गोविंद शर्मा की है। गोविंद शर्मा अभी फरार है।

ये तस्वीर आरोपी गोविंद शर्मा की है। गोविंद शर्मा अभी फरार है।

आगरा स्थित घर पहुंची पुलिस, गोविंद का नहीं मिला सुराग

नगर निगम में कथित टेंडर रैकेट चलाने का आरोपी गोविंद शर्मा अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है। उसका मोबाइल पिछले तीन दिनों से बंद है, जिससे पुलिस को उसकी लोकेशन नहीं मिल पा रही है। शुक्रवार को फजलगंज पुलिस ने गोविंद के आगरा स्थित घर पर छापा मारा, लेकिन वहां ताला मिला और टीम को बैरंग लौटना पड़ा।

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, गोविंद के घर पर ताला मिला है। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि वह परिवार के साथ बाहर गया था और तीन-चार दिन से दिखाई नहीं दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजस्थान के एक आश्रम से निकलने के बाद गोविंद ने अपना मोबाइल बंद कर लिया था। इसके बाद से उसकी कोई लोकेशन नहीं मिली है। हालांकि, पुलिस को आशंका है कि वह किसी करीबी के मोबाइल से अपने मददगारों के संपर्क में है। पुलिस का कहना है कि गोविंद के मददगारों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

छापेमारी के दौरान नगर निगम में तैनात फोर्स

छापेमारी के दौरान नगर निगम में तैनात फोर्स

टेंडर रैकेट में लगातार हो रही कार्रवाई

नगर निगम में टेंडर रैकेट से जुड़े लोगों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को स्वरूप नगर में पांच और फजलगंज में एक मुकदमा दर्ज किया गया था।

स्वरूप नगर थाने में दर्ज मामलों की जांच एसआईटी कर रही है। वहीं, फजलगंज थाने में दर्ज मुकदमे में पुलिस ठेकेदार संदीप जैन और रज्जन बाजपेयी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मामले में कथित मास्टरमाइंड गोविंद शर्मा की तलाश जारी है।

पार्षद वेलफेयर समिति की भी जांच शुरू

पुलिस के पास पार्षद वेलफेयर समिति की ओर से शिकायत पहुंचने के बाद समिति में शामिल पार्षदों की भी जांच शुरू हो गई है। जांच शुरू होने के बाद समिति से जुड़े पार्षदों में हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस की प्राथमिक जांच में कुछ नाम सामने आए हैं। अब इन लोगों की भूमिका और टेंडर रैकेट से संभावित कनेक्शन को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।



Source link