आशीष मिश्रा, हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई मेडिकल कॉलेज में मधुमक्खियों के अचानक हमले से अफरातफरी मच गई. ओपीडी भवन की दूसरी मंजिल पर लगे छत्तों से निकले मधुमक्खियों के झुंड ने मरीजों और तीमारदारों पर हमला बोल दिया. देखते ही देखते अस्पताल परिसर में भगदड़ जैसे हालात बन गए. हमले में चार साल की बच्ची समेत करीब 15 लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है. मधुमक्खियों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे. कई लोगों ने ब्लड बैंक और सीटी स्कैन कक्ष में घुसकर दरवाजे बंद कर अपनी जान बचाई.
हरदोई की घटना
हरदोई मेडिकल कॉलेज परिसर में मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर करीब 15 लोगों को घायल कर दिया. इसमें 4 साल की बच्ची भी शामिल है. जान बचाने के लिए लोगों को IPD भवन, ब्लड बैंक, सीटी स्कैन और एक्सरे कक्षों में शरण लेनी पड़ी, जबकि आईपीडी भवन के गेट भी 25 मिनट तक बंद रखे गए. इस दौरान करीब एक घंटा अफरा-तफरी माहौल रहा.
ओपीडी इमारत की दूसरी मंजिल के पिछले हिस्से में बने छत्तों से मधुमक्खियों का बड़ा झुंड अचानक उड़ने लगा और आईपीडी भवन की ओर बढ़ गया. उस समय भर्ती मरीजों से मिलने जा रहे तीमारदार और परिसर से गुजर रहे लोग इसकी चपेट में आ गए. अचानक हुए हमले से अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. हमले में करीब 15 लोग घायल हुए, जिनमें हरपालपुर थाना क्षेत्र के बांसी निवासी छोटे भईया, लोरार थाना क्षेत्र के जमुनियापुरवा निवासी रामअवतार, उनके भाई राम दास और पचदेवरा की चार वर्षीय बच्ची सोनी प्रमुख रूप से जख्मी हो गए.
इन सभी घायलों को तत्काल इमरजेंसी में पहुंचाया गया, जहां इलाज के बाद बच्ची को छुट्टी दे दी गई. हालत की गंभीरता को देखते हुए आईपीडी भवन का मुख्य द्वार करीब 25 मिनट तक बंद रखा गया, ताकि मधुमक्खियां अंदर प्रवेश ना कर सकें. लगभग एक घंटे तक चले इस तनावपूर्ण माहौल के दौरान कई तीमारदार और स्टाफ सुरक्षा के लिए ब्लड बैंक और सीटी स्कैन कक्ष में छिपे रहे, जिससे मरीजों और परिजनों की आवाजाही भी बाधित हुई.
विज्ञापन
हरपालपुर थाना क्षेत्र के बांसी निवासी हमले के दौरान छोटे भईया को चेहरे और शरीर पर कई डंक लगे, जिससे वह सीटी स्कैन कक्ष के बाहर जमीन पर गिर पड़े. मधुमक्खियों के मंडराते रहने के कारण कुछ समय तक उन्हें उठाने को लेकर हिचकिचाहट देखी गई. वहीं, बच्ची सोनी पर हमला होते ही तैनात सुरक्षा गार्ड राम प्रताप ने तत्परता दिखाते हुए उसे गोद में उठाया और एक्सरे कक्ष के अंदर ले जाकर दरवाजा बंद कर लिया, हालांकि तब तक बच्ची को दो जगह डंक लग चुके थे.
