बरेली में शनिवार शाम आई आंधी ने कहर बरपाया। आंधी के दौरान जिले के अलग-अलग जगहों पर हुई घटनाओं में दो महिलाओं की मौत हो गई। हाफिजगंज में बाइक सवार दंपती पर बिजली का खंभा गिर गया, जिससे दंपती घायल हो गए। इस हादसे में घायल महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उधर, बिथरी इलाके में आंधी के दौरान एक महिला मकान की दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
बाइक पर गिरा बिजली का खंभा, महिला की मौत
हाफिजगंज इलाके में आंधी की वजह से बिजली का खंभा गिरने से सुमन लता (35 वर्ष) की मौत हो गई। मिलक बमनपुरी निवासी मानसिंह ने बताया कि वह शनिवार शाम पत्नी को दवा दिलाकर घर जा रहे थे। इसी दौरान आंधी चलने लगी। गांव के पास मोड़ पर बिजली का खंभा बाइक पर पीछे बैठी सुमन पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मानसिंह को मामूली चोट आई।
शव लेकर थाने पहुंचे परिजन
घायल सुमन को तुरंत नवाबगंज ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली रेफर किया गया, जहां देर रात सुमन ने दम तोड़ दिया। रविवार सुबह सुमन का शव लेकर थाने पहुंच गए। उन्होंने विद्यत निगम के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। मानसिंह ने बताया कि मोड़ पर कई दिनों से खंभा तिरछा था। इसकी शिकायत की, लेकिन जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया। आंधी के दौरान ये खंभा गिर गया और सुमन की जान चली गई। मृतका के पति ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।