{“_id”:”6b068daa035c4593fc0aa5f6″,”slug”:”urea-shortage-halts-28-upsrtc-bs6-buses-passengers-face-trouble-2026-11-25″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”आगरा न्यूज: यूरिया समाप्त होने से थमी रोडवेज बसों की रफ्तार, 28 बीएस-6 बसें नहीं निकल सकीं बाहर”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

यूरिया की किल्लत होने से रोडवेज की 28 बीएस-6 बसों के पहिये थम गए
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
यूरिया की किल्लत होने से रोडवेज की 28 बीएस-6 बसों के पहिये थम गए हैं। तीन दिन से यूरिया नहीं मिलने के कारण ईदगाह और आगरा फोर्ट डिपो की बसें खड़ी हैं। बसों की संख्या कम होने से आईएसबीटी पर यात्रियों को इंतजार करना पड़ रहा है। मजबूरी में कुछ यात्री डग्गामार वाहनों में सफर करने को मजबूर हैं।
आगरा परिक्षेत्र के छह डिपो में कुल 759 बसें हैं। इनमें करीब 60 प्रतिशत बीएस-6 श्रेणी की हैं, जिनके संचालन के लिए डीजल के साथ डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड (डीईएफ) की जरूरत होती है। ईदगाह डिपो की 18 और आगरा फोर्ट की 10 बसें यूरिया खत्म होने से खड़ी हैं। अन्य डिपो में भी बसों के खड़े होने की संख्या बढ़ रही है।
मंगलवार को आईएसबीटी के बाहर हाईवे पर यात्री बसों का इंतजार करते दिखाई दिए। बसें नहीं मिलने पर उन्हें वैकल्पिक वाहनों का सहारा लेना पड़ा। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल देव ने बताया कि यूरिया की खरीद की अनुमति मुख्यालय स्तर से मिलती है। इसके लिए मुख्यालय को पत्र लिखा गया है। जल्द समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
क्यों जरूरी है यूरिया
बीएस-6 बसों में इस्तेमाल होने वाला डीईएफ सामान्य यूरिया नहीं, बल्कि उच्च गुणवत्ता वाले यूरिया और शुद्ध पानी का विशेष घोल होता है। इससे हानिकारक नाइट्रोजन ऑक्साइड गैस का उत्सर्जन कम होता है। इसकी कमी होने पर सेंसर इंजन की शक्ति सीमित कर सकते हैं और बस का संचालन प्रभावित होता । बस लोड नहीं उठाती है और डीजल की खपत भी ज्यादा होती है।

